फतेहपुर रेप मामला: हैलट अस्पताल में भर्ती पीड़िता की हालत गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Dec 15, 2019 - 06:15 PM (IST)

बांदाः बांदा से सटे फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को कथित रूप से दुष्कर्म के बाद जिंदा जलायी गयी लड़की की हालत बहुत गंभीर बनी हुई है और उसे कानपुर के हैलट अस्पताल के बर्न वार्ड में शिफ्ट किया गया है। हैलट अस्पताल के अधीक्षक प्रोफेसर आर.के. मौर्य ने रविवार को बताया, ‘'फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में जली 18 साल की लड़की की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वह नब्बे फीसदी से ज्यादा जल चुकी है। जलने से सिर्फ उसके पैर बचे हैं।''

उन्होंने बताया, ‘'लड़की का बेहतर उपचार कर उसे बचाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल उसे बर्न वार्ड में शिफ्ट किया गया है।'' इस बीच, पुलिस का कहना है कि लड़की ने प्रेम प्रसंग के मामले में पंचायत के फरमान से क्षुब्ध होकर खुद को आग लगाई थी। हालांकि, पुलिस ने पीड़िता के चाचा को बलात्कार और हत्या की कोशिश के आरोप शनिवार की शाम ही गिरफ्तार कर लिया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा अब तक की गयी जांच के हवाले से प्रयागराज परिक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सुजीत पांडेय ने बताया कि पीड़ित लड़की और आरोपी लड़के के घर सटे हुए हैं। दोनों के घर से महज कुछ दूरी पर शनिवार सुबह हुई पंचायत में दोनों को एक-दूसरे से अलग रहने और लड़की की शादी दूसरी जगह होने तक लड़के को गांव से बाहर रहने को कहा गया था। पंचायत में लड़की और लड़का अपने परिजन के साथ मौजूद थे। इसी बीच लड़की पंचायत से उठकर अपने घर गयी और आग लगा ली। उन्होंने कहा कि पंचायत में लड़की और लड़के से अलग रहने और एक-दूसरे से न मिलने की कसम भी खिलाई गई थी। पंचायत के फैसले से क्षुब्ध होकर लड़की ने आग लगाई है।








 

Tamanna Bhardwaj