UP में जंगलराज! बेटी के साथ हुई छेड़खानी का विरोध कर रहे पिता की पीट-पीटकर हत्या

punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2020 - 04:50 PM (IST)

देवरियाः उत्तर प्रदेश में देवरिया के एकौना क्षेत्र में बेटी के साथ हुई छेड़खानी का विरोध कर रहे पिता की आरोपियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि एकौना क्षेत्र के ईश्वरपुरा गांव निवासी भोला प्रसाद (50) की बेटी गुरूवार की देर शाम अपने दरवाजे पर खड़ी थी। उनके पड़ोसी के घर आए रिश्तेदार ने उसके साथ छेड़खानी कर दी। छेड़खानी की जानकारी मिलने पर बेटी का पिता भोला प्रसाद आरोपी के घर जाकर छेड़खानी का विरोध कर रहा था।

इस बीच आरोपी पड़ोसी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर लाठी डंडे से पीट-पीटकर पीड़िता के पिता को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि गम्भीर रूप से घायल भोला प्रसाद को परिजन जिला अस्पताल ले गये। डॉक्टरों ने घायल की गम्भीर हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिये रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के उनकी मौत हो गई। पुलिस ने छेड़खानी और हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
 

Tamanna Bhardwaj