आर्थिक तंगी से परेशान एक और किसान ने मौत को लगाया गले

punjabkesari.in Tuesday, Feb 21, 2017 - 01:19 PM (IST)

महोबा:उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के पनवाड़ी क्षेत्र में कथित तौर पर आर्थिक तंगी से परेशान एक और किसान द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस उपाधीक्षक विनोद सिंह ने यहां बताया कि शेरगढ़ निवासी 40 वर्षीय किसान मदन पाल देर शाम तक घर नहीं पहुंचा, परिजनों ने उसकी खोजबीन की तो उसका शव खेत में पडा मिला। उसका शरीर नीला पडा था और मुंह में झाग निकल रहा था। प्रथम दृश्या किसी जहरीला पदार्थ खाने की आशंका प्रकट की गई है।

क्या कहना है मृतक के भाई का?
किसान के चचेरे भाई ठाकुरदास ने बताया कि कई साल से फसल बर्बाद होने के कारण उसका भाई मदनपाल आर्थिक तंगी से परेशान था। परिवार के भरण पोषण की समस्या खड़ी होने पर उसने खेत गिरवी रख साहूकार से कर्ज ले रखा था। इसे चुकाने के लिए उस पर दबाव भी था। पुलिस साहूकार का पता लगाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।