फर्जी नियुक्ति मामला: नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति बीबी सिंह के खिलाफ FIR

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2020 - 02:19 PM (IST)

अयोध्या: आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलपति बीबी सिंह के खिलाफ शिक्षक भर्ती घोटाले में विजिलेंस के इंस्पेक्टर विजय कुमार यादव ने थाना कुमारगंज में केस दर्ज कराया है। इस प्रकरण में पूर्व कुलपति बीबी सिंह के साथ चार अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इन सभी लोगों के खिलाफ अभिलेखों में कूट रचित करने का मुकदमा दर्ज हुआ है।

इस केस में तत्कालीन कुलपति बीबी सिंह, वरिष्ठ लिपिक ओम प्रकाश गौड़, विषय वस्तु विशेषज्ञ फसल सुरक्षा डॉ. प्रमोद कुमार तथा वस्तु विशेषज्ञ सुरक्षा विनोद कुमार सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तत्कालीन कुलपति बीबी सिंह ने अपने कार्यकाल 2001-03 के बीच में कई फर्जी नियुक्ति की थी। बिना अर्हता वाले तीन लोगों को भर्ती किया गया था। एक अभ्यर्थी के अभिलेख में सफेदा लगाकर डॉ. प्रमोद कुमार सिंह को नौकरी दी गई थी। इनको प्लांट प्रोटक्शन में तैनाती दी गई थी। अभी डॉ. प्रमोद कुमार सिंह कृषि विज्ञान केंद्र बसूली महाराजगंज में पोस्टेड हैं।  

आईपीसी की धारा-420, 467, 468, 471, 120बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) सपठित धारा 13(2) के तहत मामला दर्ज होगा। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र बसुली के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार सिंह और सीतापुर के अंबरपुर कृषि विज्ञान केंद्र के वस्तु विशेषज्ञ (फसल सुरक्षा) के खिलाफ भी केस दर्ज करने की संस्तुति की गई थी। 
 

Ajay kumar