यूपी के इस जिले में पेट्रोल पंप पर हंगामे के बाद प्राथमिकी दर्ज, 4 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 04:58 PM (IST)
अमेठी: अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर हंगामे के बाद पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह विवाद बृहस्पतिवार को सुंदरी पेट्रोल पंप पर हुआ, जहां पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें लगी थीं। सूचना मिलने पर मोहनगंज थाने के उप निरीक्षक सैयाम बाबू खां पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और उसके बोनट पर चढ़कर हंगामा करने लगे।
पुलिस ने की कार्रवाई
उप निरीक्षक खां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मोहनगंज के भेलाई कला निवासी सूफियान अहमद, अबू सैफ, अबू जैद, फैजान और मोहम्मद गजाली और 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सूफियान अहमद, अबू सैफ, फैजान और मोहम्मद गजाली को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
अफवाहों के कारण लोग अधिक मात्रा में ईंधन भरवा रहे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद उस समय शुरू हुआ जब पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने कथित तौर पर कुछ ग्राहकों को पेट्रोल देने से मना कर दिया, जबकि अन्य को कंटेनर में ईंधन दिया जा रहा था। इस बीच, अमेठी के विशेषनगंज पेट्रोल पंप के मालिक अरुण सिंह ने दावा किया कि जिले में तेल की कोई कमी नहीं है, बल्कि अफवाहों के कारण लोग अधिक मात्रा में ईंधन भरवा रहे हैं।

