UP के राज्यमंत्री रघुराज सिंह के बेटे सहित 8 पर FIR, घड़ी और चेन लूटने का लगा आरोप

punjabkesari.in Friday, Feb 14, 2020 - 06:15 PM (IST)

अलीगढ़ः बुर्के पर विवादस्पद बयान देकर चर्चा में आए योगी सरकार के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रघुराज सिंह के बेटे सहित 8 लोगों के खिलाफ डकैती और मारपीट का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन्होंने बरौली से बीजेपी विधायक दलवीर सिंह के रिश्तेदार पर फायरिंग करके चेन और घड़ी छीनी। उनके साथ मारपीट भी की।

जानकारी के मुताबिक बरौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक दलवीर सिंह के बेटे राकेश कुमार सिंह के साडू राजकुमार सिंह, निवासी प्रतिभा कॉलोनी अपनी स्कॉर्पियो कार से रॉयल रीजेंसी में शादी समारोह में आए थे। आरोप है कि रात करीब 11 बजे पीछे से 2 गाड़ियां हूटर बजाते हुए आईं। बताया जा रहा है कि दोनों गाड़ियों में रघुराज सिंह के बेटे नरेंद्र प्रताप उर्फ नीशू के साथ 8 अन्य लोग सवार थे। उन्होंने राजकुमार के साथ मारपीट की। इस दौरान राजकुमार के सिर पर गहरी चोट लगी है।

पीड़ित राजकुमार सिंह का आरोप है कि आरोपियों ने चैन और घड़ी छीन ली व जान से मारने की नीयत से फायर भी किया। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंच गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

इस बारे में एसपी क्राइम अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर बन्नादेवी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे तलाश रही है। साक्ष्य के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Tamanna Bhardwaj