Varanasi में Rahul Gandhi के खिलाफ FIR दर्ज, अमेरिका में विवादित बयान देने का लगा आरोप

punjabkesari.in Saturday, Sep 21, 2024 - 08:31 AM (IST)

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा शुक्रवार को सिगरा थाने में  दर्ज किया गया है। आरोप है कि राहुल गांधी ने अमेरिका में सिख समुदाय, दलित और पिछड़ों के आरक्षण पर गलत बयानबाजी कर उनकी भावनाओं  को आहत किया है और देश की एकता-अखंडता को प्रभावित किया है।

धारा 152 के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार (20 सितंबर) को भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सिगरा थाने पहुंचे। रंगिया महाल, अंधरापुल निवासी भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष अशोक कुमार ने सिगरा थानाध्यक्ष को तहरीर दी। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने अमेरिका में देश की छवि खराब की है। सिख समुदाय, दलित और पिछड़ों के आरक्षण पर गलत बयानबाजी की है। पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। राहुल गांधी के खिलाफ धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसका मतलब विद्रोह के लिए भड़काना है। अगर यह आरोप साबित हो गया तो उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।

जानिए तहरीर में क्या-क्या कहा?
अशोक कुमार ने अपनी शिकायत में कहा कि ''राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका दौरे के दौरान कहा कि भारत में सिख समुदाय के लोग पवित्र कड़ा नहीं पहन सकते। वो पगड़ी नहीं बांध सकते। इसके अलावा वो गुरुद्वारे भी नहीं जा सकते। इसके लिए हमें लड़ाई लड़नी है और यह सब धर्मों के लिए है। इससे सिख समुदाय में आक्रोश है। राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि हमारी सरकार आएगी तो हम आरक्षण को समाप्त कर देंगे। यह बात कहकर राहुल गांधी ने देश के तमाम पिछड़े समुदाय एवं व्यक्तियों की भावनाओं को आहत किया है। इसमें मैं भी शामिल हूं। मेरी भावनाएं भी आहत हुई हैं। इससे देश की एकता और अखंडता को खतरा हो गया है।

राहुल गांधी का ब्यान
राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा था कि ''भारत में सिख समुदाय के बीच इस बात की चिंता है कि उन्हें पगड़ी, कड़ा पहनने की इजाजत दी जाएगी या नहीं? क्या वे गुरुद्वारे जा सकेंगे? ये चिंता सिर्फ सिखों की नहीं बल्कि सभी धर्मों के लिए है। देश सबका है, ये BJP नहीं मानती। BJP को समझ में नहीं आता कि यह देश सबका है। भारत एक संघ है। संविधान में साफ लिखा है। भारत एक संघ राज्य है, जिसमें विभिन्न इतिहास, परंपराएं, संगीत और नृत्य शामिल हैं। BJP कहती है कि ये संघ नहीं है, ये अलग है। RSS भारत को नहीं समझती। RSS कहती है कि कुछ राज्य दूसरे राज्यों से कमतर हैं। कुछ भाषाएं दूसरी भाषाओं से, कुछ धर्म दूसरे धर्मों से, कुछ समुदाय दूसरे समुदाय से कम हैं। हर राज्य का अपना इतिहास, परंपरा है। राहुल ने कहा था कि आरक्षण खत्म करने का अभी सही समय नहीं है। कांग्रेस आरक्षण खत्म करने के बारे में तब सोचेगी, जब सही समय होगा। जब आप वित्तीय आंकड़ों को देखते हैं, तो आदिवासियों को 100 रुपए में से 10 पैसे मिलते हैं, दलितों को 100 रुपए में से 5 रुपए और OBC को भी लगभग इतनी ही रकम मिलती है। भारत के बिजनेस लीडर्स की लिस्ट देखें। मुझे लगता है कि टॉप 200 में से एक OBC है, जबकि वे भारत में 50% हैं, लेकिन हम इस बीमारी का इलाज नहीं कर रहे हैं। चुनावों से पहले, हम इस बात पर जोर देते रहे कि संस्थाओं पर कब्जा कर लिया गया है। एजुकेशन सिस्टम पर RSS का कब्जा है। मीडिया और जांच एजेंसियों पर उनका कब्जा है। मैंने संविधान को सामने रखना शुरू किया। अगर संविधान खत्म हो गया, तो पूरा खेल खत्म हो जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static