किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी ग्राम प्रधान के पौत्र पर FIR दर्ज

punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2020 - 05:35 PM (IST)

गाजीपुर: उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोपी ग्राम प्रधान के पौत्र के खिलाफ पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि तेजपुरा गांव के ग्राम प्रधान अकालु यादव के पौत्र अभिषेक यादव के खिलाफ किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास एवं पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि 24 अक्टूबर को उनकी पुत्री शाम के वक्त किसी के घर पर जा रही थी कि तभी आरोपी युवक वहां पहुँच गया और एकांत स्थान पर ले जाकर अश्लील हरकत करने के साथ ही दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के चीखने चिल्लाने पर आरोपी युवक वहां से भाग गया।

मरदह थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ सम्बन्धित धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। किशोरी को महिला पुलिस की अभिरक्षा में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
 

Umakant yadav