कोरोना पॉजिटिव सिंगर कनिका कपूर के खिलाफ कानपुर में दर्ज नहीं होगी FIR, जानें वजह

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2020 - 01:54 PM (IST)

कानपुरः सैकड़ों लोगों की जान को संकट में डालने वाली व कोरोना पॉजिटिव पाई गईं सिंगर कनिका कपूर के खिलाफ कानपुर में नई एफआईआऱ दर्ज नहीं की जाएगी। कानपुर में भी सिंगर के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई थी। एसपी पश्चिमी डा. अनिल कुमार ने बताया कि लखनऊ पुलिस को मौखिक रूप से घटना की जानकारी दे दी गई है। अगले 72 घंटों में मामला लखनऊ भेज दिया जाएगा।

एसपी ने बताया कि कनिका के कानपुर विष्णुपुरी में रिश्तेदार के घर आने के मामले में DIG समेत अन्य अधिकारियों ने  मंथन किया। मंथन के बाद यह तय किया कि नई FIR दर्ज नहीं की जाएगी। यहां की घटना की लिखापढ़ी कर लखनऊ भेजा जाएगा। वहीं की FIR में इसे भी शामिल कर लिया जाएगा। लखनऊ पुलिस द्वारा विवेचना की जाएगी। यहां से उन्हें मौखिक रूप में जानकारी दे दी गई है। केस को लेकर लिखित जानकारी अगले 72 घंटों में भेज दी जाएगी। वहां से पुलिस यहां आकर विवेचना करेगी। साथ ही लोगों के बयान दर्ज करेगी। इस दौरान यहां की पुलिस उनका सहयोग करेगी।

बता दें कि कनिका ने लखनऊ में होली मिलन समारोह में शिरकत की थी और इसके बाद वह विष्णुपुरी में अपने मामा के यहां गृह प्रवेश के कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। उसके बाद लखनऊ में ही सिंगर में कोरोना पॉजीटिव पाया गया था। इसके बाद वहां की पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की थी।

कनिका की तबीयत स्थिर
उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट में वायरल लोड ज्यादा होने की पुष्टि हुई है। पीजीआई के CMS  डॉ. अमित अग्रवाल  ने बताया कि कनिका कपूर की तबीयत स्थिर है। उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट में वायरल लोड ज्यादा होने की पुष्टि हुई है। कनिका का इलाज इमरजेंसी मेडिसिन, पलमोनरी मेडिसिन समेत अन्य कई विभागों के डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। इस वार्ड को चार जोन में बांटा गया है। समूचा क्षेत्र आइसोलेटेड है ताकि कोरोना का संक्रमण संस्थान के अन्य किसी के डॉक्टर और अन्य स्टाफ को न हो। कनिका की आज दोबारा जांच के लिए सैम्पल भेजा जायेगा।

गौरतलब है कि कनिका 11 मार्च को लंदन से लखनऊ आई थीं। कनिका ने गत 13, 14 और 15 मार्च को होली से जुड़ी दो-तीन पार्टियों में शिरकत की थी। वे छोटे आयोजन थे और कुल मिलाकर कर इनमें 250 से 300 लोगों ने शिरकत की थी। कनिका की शिरकत वाली पार्टियों में अनेक राजनेता और अधिकारी भी शामिल हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश के कुछ मंत्री भी हैं।  

 

Ajay kumar