जून महीने में ‘ताप’ का तांडव! आसमान से बरस रही आग, लोगों का घरों से निकलना भी मुश्‍किल

punjabkesari.in Thursday, Jun 09, 2022 - 05:47 PM (IST)

प्रयागराज: देश के अधिकतर राज्यों में जून के महीने में भी गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है। प्रयागराज में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लगातार चल रही हीटवेव के चलते लोगों का घरों से निकलना भी मुश्‍किल हो रहा है। गर्मी का ये आलम है कि अब अंगोछा और रुमाल भी काम नही आ रहे हैं। मौसम विभाग भी आने वाले कई दिनों तक लू से राहत के कोई संकेत नहीं दे रहा है।



बता दें कि जून के पहले हफ्ते में तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक हो गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। फरवरी महीने से ही गर्मी ने हर जगह असर दिखाना शुरू कर दिया था। मार्च-अप्रैल, मई में सामान्य से कम बारिश हुई तो जून भी तपने लगा है।



हालांकि अब चिंता का विषय यह है कि आने वाले समय में 50 डिग्री सेल्सियस तापमान का हो जाना क्या सामान्य बात होगी। अगर इस साल की बात करें तो लू और हीटवेव असामान्य होती जा रही हैं। सुबह के 8 बजते ही ताप का तांडव देखने को मिलता है, जो दिन भर इंसान की शरीर को झुलसा दे रहा।



प्रयागराज में बीते मई महीने में ही तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच चुका था तो वहीं अब जून के महीने में भी लोग परेशान नजर आ रहे हैं। सड़को पर गाड़ियों का आगमन कम देखा जा रहा है जबकि लोग पेय पदार्थों की दुकानों पर जूस पीते हुए नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी से राहत पाने के लिए वह कुछ कुछ देर में जूस का सेवन कर रहे हैं।



स्थानीय लोग अब भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि जल्द से जल्द मौसम में बदलाव आए या कहें कि मानसून की पहली बारिश हो जिससे उनको राहत मिल सके।

 

Content Writer

Mamta Yadav