फिरोजाबादः क्रिकेटर सोनम यादव का भारत की अंडर-19 महिला विश्वकप टीम में हुआ चयन, परिवार ने की खुशी जाहिर

punjabkesari.in Sunday, Dec 18, 2022 - 10:33 AM (IST)

फिरोजाबाद (अरशद अली ): उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद की क्रिकेटर सोनम यादव का चयन भारत की अंडर-19 महिला विश्व कप टीम में हुआ है। अब वो साउथ अफ्रीका में आयोजित होने वाले टी-20 विश्वकप में खेलेंगी। उनकी उपलब्धि पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और सोनम के कोच बहुत खुश है और उनके परिवार ने भी खुशी जाहिर की है।

बता दें कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की नेशनल क्रिकेट एकेडमी ने बेंगलुरु में एक अगस्त से अंडर-19 गर्ल्स हाई परफार्मेंस शिविर का आयोजन किया था। इसमें सोनम यादव भी शामिल हुई थी। सोनम यादव लेफ्ट आर्म स्पिनर है। अंडर-19 गर्ल्स हाई परफार्मेंस शिविर में सोनम के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने पहले उसे अंडर-19 इंडियन चैलेंजर ट्रॉफी की ए टीम में मौका दिया। उनको मध्यम क्रम बल्लेबाज के रूप में चयन किया गया था। नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई सीरीज में सोनम का अच्छा प्रदर्शन रहा। उनके अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए ही उसे भारत की अंडर-19 महिला विश्वकप टीम में जगह दी गई है।

 
टी20 विश्व कप में खेलेंगी सोनम यादव
कोच रवि यादव ने बताया कि, सोनम का अब अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। साउथ अफ्रीका में 29 दिसंबर से चार जनवरी तक साउथ अफ्रीका अंडर-19 महिला टीम और इंडियन अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के अभ्यास मैच होंगे। इसके बाद टी-20 विश्वकप होगा। जिसमें सोनम यादव खेलेंगी। 

Content Editor

Pooja Gill