Firozabad News: मेहंदी लगाए दुल्हन करती रही इंतजार... दहेज की अतिरिक्त मांग से टूट गई शादी !

punjabkesari.in Friday, May 02, 2025 - 09:55 PM (IST)

Firozabad News, (अरशद अली): उत्तर प्रदेश में फ़िरोजाबाद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र स्थित संतोषी गेस्ट हाउस में धूमधाम से बरात आई। दूल्हा घोड़े पर सवार होकर गेस्ट हाउस पहुंचा। बराती खाना खा रहे थे, तभी डीजे पर डांस करने के  दौरान बवाल हो गया। इस दौरान जमकर लाठी डंडे चले। झगड़े में दूल्हे का भांजा सिर में चोट लगने से गंभीर घायल हो गया। इसके साथ ही कई अन्य लोग भी दोनों पक्षों से घायल हो गए। सभी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं ये शादी भी टूट गई।

क्या था पूरा मामला
बता दें कि थाना मक्खनपुर क्षेत्र स्थित संतोषी गेस्ट हाउस में टूंडला के रहने वाले रामबाबू लोधी के बेटे अमन की बरात आई थी। यहां बैंड बाजों के साथ घुड़चढ़ी की रस्म हुई। इसके बाद बराती नाचते-गाते हुए गेस्ट हाउस पहुंच गए। कुछ बराती दावत खाने में व्यस्त हो गए, तो कुछ डीजे पर नाचने लगे। बताया गया है कि बरात में दूल्हे की ओर से आईं कुछ लड़कियां डीजे पर डांस कर रही थी। इसी दौरान दुल्हन पक्ष की ओर से किसी युवक ने डांस कर रही एक लड़की के हाथ में पैसे दिए। इसी बात पर विवाद हो गया।दूल्हे के भांजे की हालत गंभीर देखते ही देखते बराती और घराती आमने-सामने आ गए।

दुल्हन पक्ष के 12 से अधिक लोगों को गिरफ्तार
दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। इस दौरान दूल्हे के भांजे के सिर में किसी ने डंडा मार दिया, जिससे वो खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान कई अन्य लोग भी घायल हो गए। बरात में हुए बवाल की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल ही घायल युवक को उपचार के लिए ट्रोमा सेंटर भेजा। इस दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के 12 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले आई।

दुल्हन के बिना लौटी बरात
थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चलती रही, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के वापस लौट गया। दुल्हन की मां ने आरोप लगाया है कि दूल्हा पक्ष के लोग अतरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे इस वजह से यह बवाल हुआ है और पुलिस को अब तहरीर देने जा रहे हैं देखते हैं पुलिस अब क्या कार्रवाई करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static