सावन का पहला सोमवारः शिव मंदिरों में लगा भक्तों का तांता, बम-बम भोले के गूंजे नारे

punjabkesari.in Monday, Jul 22, 2019 - 10:32 AM (IST)

अयोध्याः सावन महीने का आज पहला सोमवार है। पूरा देश शिवमय हो चला है। इस दौरान मंदिरों में भक्तों का जुटना प्रारंभ हो गया है। इसी कड़ी में राम नगरी अयोध्या भी शिवमय हो गई है। सरयू घाटों से लेकर नागेश्वर नाथ, भदेश्वर नाथ सहित प्रमुख मंदिरों में शिव भक्तों का तांता लगा हुआ है। राम की नगरी अयोध्या में चारो तरफ बम-बम भोले के नारे गूंज रहे हैं।

शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त जुटे हैं। वहीं कांवड़िए भी पावन सलिला सरयू से ले जाकर अपने आराध्य भोले नाथ को जलाभिषेक करने के लिए अयोध्या में पहुंच रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि सावन के महीने में ही समुंद्र मंथन से निकले विष को पीकर भोलेनाथ ने पूरी दुनिया को बचाया था।

इसी मान्यता को लेकर सावन के महीने में श्रद्धालु भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। कहा यह भी जाता है कि सावन माह में भोलेनाथ को जल चढ़ाने से जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है। बता दें कि देशभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ रही है। इसके लिए शहर और उपनगर के शिवालयों में विशेष तैयारी पहले ही पूरी कर ली गई थी।

Ruby