मथुरा में यमुना में डूबे पांच दोस्तों को बचाया, एक मृत

punjabkesari.in Sunday, May 03, 2020 - 03:04 PM (IST)

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार को 6 दोस्त यमुना नदी में नहाने के दौरान डूब गए। इनमें से 5 को तो बचा लिया गया है, वहीं पानी में बह गए एक किशोर का शव रविवार को मिला। पुलिस के अनुसार नौहझील थाना क्षेत्र के गांव मुकदमपुर निवासी विष्णु पुत्र अतर सिंह (17), कान्हा पुत्र ओमवीर सिंह (18), आकाश पुत्र सुशील (18), विवेक पुत्र राजेन्द्र (19), कृष्णा पुत्र जगदीश व विष्णु पुत्र खेमचंद शनिवार को यमुना नदी में नहाने के लिए गए थे।

नहाते-नहाते ये सभी गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। इस दौरान आकाश ने ग्रामीणों की मदद से खुद को व चार अन्य साथियों को तो बचा लिया, लेकिन विष्णु तेज बहाव में बह गया। नदी में किशोर के डूबने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर पुलिस गोताखोरों की टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों द्वारा शनिवार काफी प्रयास किये जाने के बाद भी विष्णु का कोई पता नहीं चल सका। लेकिन रविवार को गोताखोरों ने पुनः प्रयास शुरु किए तो उसका शव मिल गया।विष्णु के पिता अतर सिंह ने बताया, ‘‘मेरा बेटा व उसके मित्र मथुरा में प्रेम महाविद्यालय में इंजीनियरिंग डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहे थे। छुट्टियों के चलते घर आए हुए थे। इसी दौरान यमुना में नहाते समय यह दुखद घटना घट गई।’’

Edited By

Ramkesh