प्रयागराज में जल प्रलयः ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरें कर देंगी हैरान, बाढ़ से 25 हजार से ज्यादा लोग हुए है प्रभावित

punjabkesari.in Thursday, Aug 12, 2021 - 04:02 PM (IST)

प्रयागराजः (सैय्यद रजा) उत्तर प्रदेश में बाढ़ से लोगों की हालत खराब है। चहुंओर पानी ही पानी... संगम नगरी प्रयागराज में बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। यहां पर गंगा और यमुना दोनों नदियां खतरे के निशान को पार कर चुकी है। पिछले 5 दिनों से लगातार दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। दोनों नदियां खतरे के निशान के एक मीटर ऊपर बह रहीं हैं, जिसके चलते पानी नदियों के तटवर्ती इलाकों के साथ ही अब रिहायशी इलाकों में भी प्रवेश कर चुका है। शहर के रिहायशी इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, लोग घरों को छोड़कर छतों पर रहने के लिए मजबूर हैं।

बता दें कि शहर के अलग-अलग रिहायशी इलाकों की ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरों के जरिए साफ तौर पर देखा जा सकता है कि जहां आम दिनों में लोगों की चहल-पहल हुआ करती थी। वहां अब नावें चल रही हैं। लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है, अधिकांश लोगों ने घरों की छतों को अपना आशियाना बना लिया है या फिर बाढ़ राहत शिविरों में ठिकाना बना लिया है। प्रशासनिक अमले की तरफ से बाढ़ प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। लेकिन जिस तरीके से बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं, ठीक उसी तरीके से प्रशासनिक अमले की भी मुश्किलें और चुनौतियां बढ़ गईं हैं।

इस बाबत प्रयागराज के जिलाधिकारी संजय खत्री की बात माने तो तकरीबन 25 हज़ार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं हालांकि राहत शिविरों में लोगों को सुरक्षित रखा जा रहा है और बाढ़ ग्रसित इलाकों में लगातार जरूरी सामान लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।कोरोना  के बाद अब बाढ़ की वजह से सैकड़ों घरों में आफत का पहाड़ टूट चुका है ऐसे में सभी लोग प्रार्थना कर रहे हैं कि जल्द से जल्द बाढ़ का पानी कम हो और उनकी मुसीबतें भी।

 

Content Writer

Moulshree Tripathi