बलरामपुर में भी बाढ़ से तबाही, लाखों लोग हुए बेघर

punjabkesari.in Thursday, Aug 17, 2017 - 12:33 PM (IST)

बलरामपुरः नेपाल से छोड़े गए पानी से बलरामपुर जिले में बाढ़ ने भारी तबाही मचा रखी है। बाढ़ से करीब 300 गांव घिर गए हैं। अपनी जान बचाने के लिए लोगों ने सड़कोंं पर शरण ली हुई है। बाढ़ में डूबकर 6 लोगों की मौत हो गई है। लाखों की आबादी बाढ़ से प्रभावित हो रही है। जिला प्रशासन लाख कोशिशों के बाद भी बाढ़ पीड़ितों तक राहत नही पहुंचा पा रहे हैं।

यूपी के पूर्व मंत्री एसपी यादव ने राप्ती नदी के किनारे बाढ़ से घिरे गांवों का ट्रैक्टर से दौरा किया। उन्होंने शासन प्रशासन की तरफ से किए जा रहे राहत कार्यो के बारे में जानकारी हासिल की। ज्यादातर गांवों के लोगों ने बताया की अभी तक न तो कोई उनसे मिलने आया और न ही किसी तरह की राहत सहायता मिली है।

पूर्व मंत्री ने योगी सरकार को घेरते हुए चेतावनी दी है कि अगर फौरन बाढ़ पीड़ितों को राहत और सहायता नही भेजी गई तो कलेक्ट्रेट का घेराव कर मदद दिलाई जाएगी। उन्होंने सीएम योगी पर बलरामपुर के बाढ़ पीड़ितों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम योगी ने कई जिलों का दौरा तो किया लेकिन सबसे ज्यादा तबाही वाले बलरामपुर जिले की तरफ झांका तक नहीं।