शराबी दुल्हे की करतूत पर भड़की दुल्हन, किया शादी से इनकार

punjabkesari.in Tuesday, May 23, 2017 - 04:14 PM (IST)

वाराणसीः वाराणसी में एक शराबी दूल्हे एवं उसके बदमिजाज साथियों की करतूत को देखकर लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। घटना बनारस के रोहनिया थाना क्षेत्र के बसंत पट्टी गांव की है। गांव के लोगों ने लड़की के साहस की सराहना की है।

जानिए पूरा मामला
दरअसल गांव के छुन्ना चौहान की लड़की बबिता की शादी मिर्जापुर के धारूपुर के संतोष चौहान के लड़के जागरण चौहान से तय हुई थी। बीती शाम बरात आई थी। बारात में आए अधिकतर लोग शराब के नशे में धुत्त थे। जयमाल के दौरान शराबी दूल्हा जागरण चौहान अपने साथियों के साथ जयमाल के स्टेज पर नशे में धुत होकर लड़कियों से छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर उन लोगों ने दुल्हन के साथ भी अभद्रता की।

शराबी दुल्हे ने होने वाली साली से की जबरदस्ती
यह सब देख दुल्हन बबीता ने विरोध किया और शराबी दुल्हे से शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन के इंकार करने पर नशे में धुत्त दुल्हा एवं उसके साथियों ने लड़की की बहन को स्टेज पर जबरदस्ती पकड़ कर बैठा दिया। यह देख वधू पक्ष के लोग भड़क उठे।

दुल्हन ने किया शादी से इंकार, बड़ा विवाद
दोनों पक्षों के बीच विवाद बढता देख बड़े बुजुर्गो ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। देर रात तक पंचायत चली, लेकिन लड़की शादी के तैयार नहीं हुई। साफ कह दिया कि ऐसे शराबी इंसान के साथ शादी करके जिंदगी बरबाद नहीं करनी। 

शादी से इंकार करने पर भड़के बरातियों ने मारपीट एवं तोड़फोड़ शुरू कर दी। यह देख ग्रामीण भी पथराव करने लगे। घटना में कई लोगों को चोटें आई और दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़के के पिता संतोष चौहान को हिरासत में ले लिया। वहीं बाराती और दूल्हा फरार हो गए।