कड़ाके की सर्दी के आगोश में यूपी, कोहरे से कम हुई विजिबिलिटी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 14, 2016 - 10:20 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी की मार जारी है। घने कोहरे और गलन भरी सर्दी से जनजीवन बेहाल है। कोहरे से विजिबिलिटी कम हुई है। मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान में 6 से 10 डिग्री तक कमी दर्ज की गई। हालांकि अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।  इस अवधि में फैजाबाद, इलाहाबाद, झांसी, मेरठ, आगरा तथा कानपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। इटावा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8. 2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा फतेहगढ़ में न्यूनतम तापमान 8. 6 डिग्री सेल्सियस, बरेली में 8. 7 डिग्री, खीरी में 8. 8 डिग्री और चुर्क में नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में गुनगुनी धूप निकली, जिससे लोगों को गलन भरी सर्दी से कुछ राहत मिली। इसके अलावा पुरवा हवा चलने से गलन भी कम रही। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम आमतौर पर सूखा रहने तथा कुछ स्थानों पर कोहरा गिरने का अनुमान है।

UP Hindi News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें