UP में सेलखड़ी और केमिकल से बन रहा था 1000 किलो नकली मावा, 4.5 लाख का सामान जब्त

punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 06:28 AM (IST)

Muzaffarnagar News: रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले मुजफ्फरनगर में खाद्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। बीते मंगलवार देर रात करीब 1.30 बजे छपार थाना क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने अचानक छापा मारकर भारी मात्रा में नकली मावा और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाला खतरनाक केमिकल बरामद किया। यह कार्रवाई टिंकू नाम के कारोबारी की मावा भट्टी पर हुई। जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गई। बेहद अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर माहौल में मावा तैयार किया जा रहा था।

अधिकारियों की शुरुआती जांच में सामने आया कि मावे का वजन और सफेदी बढ़ाने के लिए उसमें सेलखड़ी, वनस्पति, SMP, ईसबगोल और हाइड्रो जैसे खतरनाक पदार्थों की मिलावट की जा रही थी। यह तैयार मावा इंसानी शरीर के लिए किसी धीमे जहर से कम नहीं था। खाद्य विभाग की टीम ने मौके की नजाकत को देखते हुए करीब 10 क्विंटल (1000 किलो) मिलावटी मावे को तुरंत नष्ट करवा दिया। इस नष्ट किए गए मावे की बाजार कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

ये भी पढ़ें:- दाम बढ़े तो हरकत में आया प्रशासन: Amethi के बड़े चीनी गोदामों पर अचानक छापेमारी से हड़कंप

छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 10 लीगल सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। इसके अलावा भट्टी से भारी मात्रा में मिलावट का सामान जब्त किया गया, जिसमें शामिल हैं:
- 648 किलोग्राम SMP (कीमत लगभग 2 लाख रुपए)
- 176 किलोग्राम वनस्पति (कीमत लगभग 37,678 रुपए)
- 43 किलोग्राम इंटरस्ट्रेटिफाइड फैट (कीमत लगभग 10,000 रुपए)
जब्त किए गए कुल सामान का वजन करीब 900 किलो और कीमत साढ़े 4 लाख रुपए के आसपास है।

ये भी पढ़ें:- रक्षाबंधन से पहले आधी रात FSDA का बड़ा छापा: 13.5 लाख के मिलावटी माल के साथ 3 गाड़ियां सीज

फूड अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कारोबारी बिना किसी वैध लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के यह भट्टी चला रहा था। नियमों की धज्जियां उड़ाने पर आरोपी कारोबारी के खिलाफ संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कराई गई है और भट्टी को पूरी तरह सील कर दिया गया है।

विभाग का कहना है कि रक्षाबंधन को देखते हुए शहर और देहात इलाकों में ऐसे मिलावटखोरों पर लगातार नजर रखी जा रही है। त्यौहार के मौके पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

static