देश की प्रगति और खुशहाली के लिए साथ मिलकर चलें: नाईक

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 10:27 AM (IST)

लखनऊः देश की प्रगति और खुशहाली के लिए साथ मिल कर चलने का आहावन करते हुए उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक ने कहा कि साथ चलने से शक्ति का निर्माण होता है। खाटू श्याम मंदिर में भारतीय नव वर्ष समारोह का उद्घाटन करने के बाद नाईक ने कहा कि देश की प्रगति और खुशहाली के लिए सबको मिलकर साथ चलना होगा।

राज्यपाल ने कर्मपथ पर निरन्तर चलते रहने की प्रेरणा देने वाले शाश्वत संदेश  'चरैवेति! चरैवेति!!' की व्याख्या करते हुए कहा कि बैठे हुए व्यक्ति का भाग्य भी बैठ जाता है, खड़े हुए व्यक्ति का भाग्य भी वृद्धि की ओर उन्मुख होता है, सो रहे व्यक्ति का भाग्य भी सो जाता है, लेकिन सूर्य की तरह चलने वाले का भाग्य प्रतिदिन बढ़ता जाता है और वहीं वंदनीय होता है। मनुष्य की सफलता निरन्तर चलते रहने में निहित है।

उन्होंने कहा कि नवसंवत्सर को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार का जन्मदिवस भी होता है। 1925 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना हुई थी। 93 वर्ष पूर्व डॉ. हेडगेवार ने जो पौधा रोपित किया था वह आज विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन के रूप में एक वट वृक्ष की तरह स्थापित है। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार से प्रेरणा लेते हुए देश सेवा का संकल्प लेना चाहिए।  

Punjab Kesari