बसपा के पूर्व MLC मुकुल उपाध्याय पार्टी से निष्कासित, विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप
punjabkesari.in Friday, Nov 09, 2018 - 01:28 PM (IST)
हाथरसः पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप में बसपा से निष्कासित कर दिया गया है। मुकुल उपाध्याय पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय के भाई हैं। गोपनीय ढंग से कराई गई जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद कार्रवाई हुई है।
अलीगढ़ मंडल के मुख्य जोन इंचार्ज रणवीर सिंह कश्यप व जिलाध्यक्ष तिलकराज यादव ने बताया कि जिला इकाई ने मुकुल उपाध्याय के पार्टी में अनुशासनहीनता व पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने की शिकायत हाईकमान से की थी। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
बता दें कि मुकुल उपाध्याय ने जिला अलीगढ़ की राजनीति में 2004 में कदम रखा था। चौ. बिजेंद्र सिंह के लोकसभा चुनाव जीतने पर खाली हुई इगलास विधानसभा सीट पर उप्र चुनाव हुआ था। इसमें बसपा प्रत्याशी मुकुल उपाध्याय ने रालोद के पूर्व विधायक चौ. मलखान सिंह को हराकर पहली बार बसपा का खाता खोला था। 2008 में सुनील सिंह को हराकर मुकुल एमएलसी बने थे। 2014 में मुकुल ने बसपा के टिकट पर ही गाजियाबाद लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ा, मगर जीत नहीं पाए।

