2024 की तैयारी में जुटी भाजपा: पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने पार्षदों को दिया जीत का मंत्र

punjabkesari.in Sunday, Sep 10, 2023 - 03:25 PM (IST)

Agra News, (बृज भूषण): आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुटी भाजपा ने अब अपने पार्षदों को जीत के लिए तैयार करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को आगरा में तीन जिलों के पार्षदों की बैठक हुई। इसमें उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा ने पार्षदों को जीत का मंत्र दिया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। घोसी चुनाव पर उन्होंने कहा कि वो सीट सपा की थी, उनके पास चली गई। अखिलेश यादव अपनी समीक्षा करें उनकी पारंपरिक सीट आजमगढ़ और रामपुर सीट पर भाजपा का कमल खिला है। हम घोसी चुनाव के परिणाम का परीक्षण करेंगे। अखिलेश यादव को एक सीट से खुश होने की जरूरत है। 2024 में गठबंधन को उप्र में एक भी सीट नहीं मिलेगी।

‘उदयनिधि ने राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को चुनौती दी है’
उदयनिधि के सनातन पर दिए बयान पर उन्होंने कहा कि ये सोच उदय की नहीं है, कांग्रेस की सोच है। उदयनिधि के बाबा करूणानिधि भी इस तरह की सोच रखते थे। उदयनिधि की समाज में हैसियत नहीं है और वो अपने बाबा के नक्शे कदम पर चलता है। उनके बाबा करुणानिध ऐसी टिप्पणी करते हैं। ये विचारधारा उसकी नहीं है ये कांग्रेस की विचारधारा है। कांग्रेस ने लिख कर दिया था कि रामसेतु का अस्तित्व नहीं है। सनातन विरोधी लोगों का समूह है। उदय को 2024 को जनता अस्त कर देगी। राजनीति में इसको अस्त किया है। इसने राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को चुनौती दी है। 

2024 में विपक्षी जीत को तरस जाएंगे: दिनेश शर्मा
राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा ने भारत और इंडिया गठबंधन पर कहा कि देश को बांटने वाले दलों का गठबंधन घमंडिया है। इसके दल जहर से बुझे सांप्रदायिकता और जातिवाद के तीरों को चलाने की कोशिश करते हैं। इन दलों ने देश की प्रगति की अवधारणा को नष्ट किया है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मोदी और योगी के समन्वय से भाजपा 2024 में अच्छा प्रदर्शन करेगी। विपक्षी जीत को तरस जाएंगे।
 

Content Writer

Mamta Yadav