BJP में नई पारी खेलने को तैयार हैं पूर्व राज्यपाल राम नाईक, कहा- पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाऊंगा

punjabkesari.in Tuesday, Mar 21, 2023 - 05:54 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक 89 साल की उम्र में भी भाजपा में नई पारी खेलने के लिए तैयार हैं। कहते हैं कि पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाऊंगा। मौजूदा समय में पार्टी का ज्येष्ठ कार्यकर्ता हूं। पार्टी के मांगने पर सुझाव व सलाह भी देता हूँ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जब कहते हैं तो मैं उनको भी जानकारी देता हूं। पार्टी कार्यालय आया हूं तो एक कार्यकर्ता की हैसियत से।

योगी के नेतृत्व में प्रदेश, उत्तम से सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर
राम नाईक सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वह बताते हैं कि पिछली 21 फरवरी को उनकी पत्नी कुंदा नाईक का निधन हो गया। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री रहते 6 साल 19 मार्च को पूरा होने पर यहां उन्हें बधाई देने आया था। इससे पहले योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर शपथ ग्रहण समारोह में आया था। उन्होंने आशा प्रकट की कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश उत्तम से सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।



आम लोगों के लिए खोल दिए थे राजभवन के दरबार
राम नाईक साल 2014 में प्रदेश के राज्यपाल बने थे। वे बताते हैं कि उन्होंने राजभवन के दरबार आम लोगों के लिए खोल दिए थे। पिछले पांच साल में करीब 30 हजार लोगों से मिला। राज्यपाल रहते मैंने बड़े शहरों में महाराष्ट्र की तरह पुलिस कमिश्नरेट की वकालत की। थी। आज अच्छा लग रहा है कि मुख्यमंत्री ने मेरी सलाह मानकर प्रदेश के कई बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट बनाया। आज कानून व्यवस्था की स्थिति प्रदेश में बहुत बेहतर है।



देश संविधान से चलता है, हिन्दू राष्ट्र बनाए जाने की उठ रही मांग पर विचार किया जाना चाहिए
समान नागरिक संहिता और हिन्दू राष्ट्र बनाए जाने की उठ रही मांग पर पूर्व राज्यपाल ने कहा कि देश संविधान से चलता है। संविधान के अनुरूप उठ रही सभी मांगों पर विचार किया जाना चाहिए। बदलाव बुरा नहीं है। एक देश-एक विधान में किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। अगर यह लागू होता है तो देश के लिए अच्छा होगा। इससे पहले महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेता नाईक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें उनके छह वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। इस मोके पर भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित और सह प्रभारी हिमांशु दुबे भी मोजूद रहे।

Content Writer

Ajay kumar