प्रशासन पर भड़के सपा के पूर्व विधायक, कहा- फिर सहारनपुर बन जाएगा सीतापुर

punjabkesari.in Sunday, May 28, 2017 - 01:29 PM (IST)

सीतापुर: सीतापुर में प्रशासन की कार्रवाई से नाराज समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल ने आपा खोते हुए शहर कोतवाली में सी.ओ. और सिटी मैजिस्ट्रेट को शहर में दंगे कराने की धमकी दे डाली। सपा के पूर्व विधायक ने पुलिस के अधिकारियों से कहा कि ऐसा न हो सहारनपुर की घटना यहां भी हो जाए।

जानकारी के अनुसार बाद में पुलिस ने केस दर्ज कर मामला शांत करा दिया, लेकिन इस दौरान पूर्व विधायक ने प्रशासन को धमकी के अंदाज में थाने में कहा कि मेरे एक इशारे पर यहां के सब मुस्लिम आ जाएंगे और सहारनपुर जैसे हालात पैदा हो जाएंगे।

बता दें कि सपा के पूर्व विधायक के घर के सड़क पर बने गेटों को प्रशासन द्वारा तोड़ने पर भड़के पूर्व विधायक की सिटी मैजिस्ट्रेट से कहासुनी हो गई थी। इस पर नगरपालिका अध्यक्षा रश्मि जायसवाल व उनके पति सचिन ने समर्थकों के साथ कार्रवाई का विरोध किया। लेकिन जे.सी.बी. मशीन नहीं रुकी, कुछ ही देर में दोनों गेट तोड़ दिए गए। इसी बीच पूर्व विधायक राधेश्याम जायसवाल मौके पर पहुंच गए। वहीं गेट तोड़ने से नाराज पूर्व विधायक व उनके समर्थक अफसरों से भिड़ गए।