सपा के पूर्व विधायक भाई लाल कोल का निधन, काफी दिनों से थे बीमार

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2020 - 09:17 AM (IST)

 प्रयागराजः समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक 72 वर्षीय भाई लाल कोल का रविवार शाम को प्रयागराज में निधन हो गया।वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें किडनी में प्रॉब्लम थी।

इधर कोरोना की वजह से समय पर इलाज नहीं हो पा रहा था। रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ी परिवारजन उन्हें प्रयागराज लेकर जा रहे थे कि रास्ते में नैनी के पास उनका निधन हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ दिन पहले अभी पत्नी की भी निधन हो गया था। दो बार के विधायक एक बार के सांसद रहे भाई लाल प्रधानी चुनाव से लेकर सांसद तक का सफर तय किया। वह भाजपा ,बसपा और सपा तीनों ही दलों में रहे और तीनों के टिकट पर जीते हैं।

बता दें कि भाई लाल मिर्जापुर जिले के लालगंज तहसील के पचोखर गांव के रहने वाले थे। लगभग 72 वर्षीय- कोल ने 1995 में अपने गांव में पहली बार प्रधानी का चुनाव लड़ा और जीत गए। भाजपा से वह 1996 में छानबे विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े और विधायक चुन लिए गए। भाजपा ने वर्ष-2001 के विस चुनाव में टिकट काट दिया तो वे बसपा में चले गए और वर्ष-2004 में सोनभद्र रार्बटसगंज संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़े और सांसद चुन लिए गए। जब बसपा ने 2009 में इनका टिकट काट दिया तो सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली और वर्ष-2012 में फिर छानबे विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े और विधायक चुन लिए गए।

2017 के विधानसभा चुनाव में फिर से सपा से लड़े मगर अपनादल (एस) भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार राहुल प्रकाश कोल ने इन्हें पराजित कर दिया। फिर सपा ने सोनभद्र 2019 में लोकसभा की टिकट दी वहा पर भी अपनादल (एस) के विधायक राहुल प्रकाश कोल के पिता पकौड़ी कोल  से पराजित हो गए।

Author

Moulshree Tripathi