पूर्व छात्रों ने दिनदिहाड़े शिक्षक को मारी गोली, वीडियो बनाकर 40 गोलियां मारने की दी थी धमकी; दोनों गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Oct 06, 2023 - 04:07 PM (IST)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पर दो पूर्व छात्रों ने एक कोचिंग सेंटर में घुसकर दिनदिहाड़े एक शिक्षक को गोली मार दी। गोली लगने से शिक्षक बुरी तरह से घायल हो गया। इस घटना के बाद कोचिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और घायल को स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। लेकिन हालात गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया। वहीं, गोली मारने के बाद बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरु की है।



इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) सोनम कुमार ने बताया कि शिक्षक सुमित सिंह खंदौली कस्बे में कोचिंग सेंटर चलाते हैं। बृहस्पतिवार शाम को वह छात्रों को पढ़ा रहे थे तभी दो किशोर वहां पहुंचे और उन्होंने सुमित सिंह को बाहर बुलाया। कुमार ने बताया कि सुमित सिंह के बाहर आने पर एक किशोर ने तमंचे से उनके बाएं पैर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर छात्र और आसपास के लोग वहां पहुंचे लेकिन तब तक दोनों हमलावर वहां से फरार हो गए।



पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बाद में दोनों किशोरों को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि शिक्षक सुमित सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी उनके भाई योगेंद्र के दोस्त थे, लेकिन उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शिक्षक ने पुलिस को बताया कि दोनों ने कोचिंग सेंटर में आकर योगेंद्र के बारे में पूछा था और इस बीच उन्हें गोली मार दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद कथित तौर पर आरोपियों ने एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर सार्वजनिक भी कर दिया। इस वीडियो में वे शिक्षक पर दोबारा हमला करने की धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। इसमें वो कह रहे हैं कि हां चच्चा कैसे गोली दई...। टाय...। कैसो गिर पड़ो। मो ते फैजल कहतें। ऐसो ही नाम न धरो फैजल। तोसे का कहते। चच्चा न गैंगस्टर (दूसरा आरोपी)। 4-6 दिन और रुक। 6 महीने बाद फिर हवा हवाई। टेम आन दें...तेरी टांग को छलनी कर दूंगो। 40 गोली मारनी हैं, 39 और रह गई हैं अभी। 

Content Editor

Pooja Gill