चुनाव में मिली हार पर बोले पूर्व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा- कार्यकर्ताओं के मान सम्मान पर नहीं आने दूंगा आंच

punjabkesari.in Thursday, Jun 13, 2019 - 07:55 AM (IST)

गाजीपुर: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में मिली हार को भूल कर जनता के प्रति समर्पण भाव से काम करे और वह उनके मान सम्मान पर तनिक भी आंच नहीं आने देंगे। सिन्हा बुधवार को जखनिया और जंगीपुर विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले। नेता को अपने बीच पाकर कई कार्यकर्ता भाव विह्वल हो उठे। कुछ कार्यकर्ता आंसू पोछते नजर आए वहीं युवा उसी जोश के साथ सेल्फी लेते रहे जबकि फरियादी अपने नेता को फरियाद पत्र सौंपते नजर आए। इन सबके बीच मनोज सिन्हा ने वादा किया कि वह कार्यकर्ताओं के मान सम्मान पर आंच नहीं आने देंगे और हमेशा उनके बीच रहेंगे।

उन्होंने कहा कि अब तक मैं 9 चुनाव लड़ चुका हूं। पहली बार आपका इतना जोश मुझे देखने को मिला। मैं आपकी मेहनत से गदगद हूं। भाजपा के इतिहास में अब तक सबसे अधिक मतदान कर आप लोगों ने मुझे गौरवान्वित करने का काम किया है। चुनावी मैदान में हार जीत लगा रहता है। इससे निराश होने की आवश्यकता नहीं है। आप पूरे जोश खरोश के साथ लग जाइए मेरा वादा है मैं हमेशा आपके बीच रहूंगा, कभी भी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान पर कोई आंच नहीं आने दूंगा विश्वास रखिए। गाजीपुर में वही होगा जो आप चाहेंगे।

उन्होंने कहा भाजपा कार्यकर्ता अब तक पिछले चुनाव में जितना मेहनत किए उसे कई गुना ज्यादा मेहनत 2019 के चुनाव में किया है जबकि तेज धूप गर्मी रही। हम किसी जाति पाति की राजनीति नहीं करते। भाजपा हर जाति की पार्टी है। कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि जातिवाद से नुकसान हो सकता है। हमें जातिवाद की राजनीति नहीं करना है, यह विरोधियों की साजिश है।

पूर्व सांसद ने कहा कि आज देश की जिम्मेदारी भाजपा को मिली है, वह बड़ी जिम्मेदारी है। उसी उम्मीद के साथ लोगों ने सत्ता सौंपी है वह पार्टी कैसे पूरा करेगी। यह औपचारिक कार्यकर्ता बैठक है। यह मेरा विचार था कार्यकर्ताओं को कहा हताश होने की जरूरत नहीं है। अब हमें विधानसभा चुनाव की तैयारी करना है।

Anil Kapoor