घर के बाहर से गायब 2 साल का मासूम, गटर में मिला तो उड़े परिजनों के होश

punjabkesari.in Thursday, Dec 28, 2017 - 11:29 AM (IST)

मेरठ: मेरठ में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल यहां  2 साल का मासूम घर के बाहर खेलते हुए अचानक गायब हो गया। घंटों की तलाश के बाद भी परिजनों को कुछ हाथ नहीं लगा। तभी पास बने गटर का ढक्कन टूटा हुआ मिला। परिजनों ने जब उसमें झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। उनका बच्चा गटर में डूबा हुआ मिला।

जानकारी के मुताबिक मामला पुरानी मोदी कॉलोनी का है। जहां बिजली विभाग में लाइनमैन का काम करने वाले सुरेश ने 2 साल पहले एक बच्चे धैर्य को गोद लिया। परिजनों के अनुसार 27 दिसंबर को धैर्य घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। सभी लोग उसकी तलाश में जुट गए। काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला। तभी घर के पास बने गटर का ढक्कन टूटा हुआ दिखाई दिया।

स्थानीय लोगों की मदद से गटर को खंगाला तो बेटा पानी में डूबा हुआ दिखाई दिया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। पास ही बने पल्लवपुरम के कोटपाल असेपताल लेकर पहुंचे। वहां से कंकरखेड़ा स्थित कैलाशी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लोगों का कहना है कि कॉलोनी में सीवर लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। यहां गटर के ढक्कन कई स्थानों पर टूट चुके हैं। शिकायत के बावजूद भी इन टूटे सीवर के ढक्कनों को बदला नहीं गया है। परिजनों ने कॉलोनी के सुपरवाइजर को ​धैर्य की मौत का जिम्मेदार बताते हुए थाना पल्लवपुरम में तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।