मथुरा: एक ही दिन में 4 क्षत-विक्षत शव बरामद, पहचान कराने के किए जा रहे हैं प्रयास

punjabkesari.in Saturday, Jun 08, 2019 - 11:41 AM (IST)

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में अलग-अलग स्थानों पर चार शव बरामद हुए हैं, जिनमें 2 महिलाएं और 2 युवक शामिल हैं। एक युवक का सिर धड़ से अलग था, जो दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ा मिला। इन शवों में से किसी की भी शिनाख्त नहीं हो पाई है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि कोसीकलां में नन्दगांव मार्ग पर एक युवक का शव बरामद किया गया है। माना जा रहा है कि हत्या करके शव फेंक दिया गया होगा। उसके गले पर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि दूसरा शव एक युवती का मिला है। यह राया में मांट गंग नहर के किनारे अंबु पुल के पास बरामद हुआ है। उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। शव पानी में फूल गया है।

अधिकारी ने बताया कि तीसरा शव थाना महावन के पचावर-नगला रायसीन के रजवहा में उतराता मिला। युवक के शव पर कोई कपड़ा भी नहीं मिला। 2 दिन पहले भी इसी क्षेत्र में सड़ा-गला शव मिला था। उसकी भी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिरकटा चौथा शव मथुरा-भरतपुर मार्ग पर तारसी गांव चौराहे के पास मिला। जिसका सिर उसके धड़ से 50 मीटर दूर पड़ा मिला। 30/32 साल के युवक का बायां पैर भी टूटा हुआ मिला है। वहीं, शरीर पर रगड़ने के निशान पाए गए हैं। सड़क पर खून बिखरा पड़ा था। मौके की स्थिति देखकर ऐसा लगता था कि उसकी हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है और उसे वहां फेंके जाने से पूर्व काफी दूर तक घसीटा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि शवों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पैम्फलेट बंटवाए जा रहे हैं। पुलिस के सभी व्हाट्सग्रुप पर संदेश दे दिया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद सभी शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। नियमानुसार 72 घंटे तक परिजनों का इंतजार किया जाएगा, तत्पश्चात यदि कोई दावेदार नहीं आता है तो पुलिस अपने स्तर से अंतिम संस्कार की कार्रवाई करेगी।

Anil Kapoor