शादी की खुशियों में छाया मातम! गंगा में नहाने गए सात लड़के-लड़कियों में 4 की डूबने से मौत

punjabkesari.in Tuesday, Jun 07, 2022 - 05:35 PM (IST)

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार को गंगा नदी में नहाने गये सात लड़के लड़कियों में से चार की डूब जाने से मृत्यु हो गयी। जबकि तीन को गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद बचा लिया।

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मातिनपुर निवासी अमीर हसन की लड़की की शादी में शिरकत करने आये सात लड़के लड़कियां गंगा में नहाने के लिये गये थे। नहाते समय ये लोग नदी की बीच धारा में चले गये। इनमें से कोई तैरना भी नहीं जानता था। इस कारण से सातों पानी में डूब गये।

इससे फैजान पुत्र इसरत अली (20 वर्ष) निवासी मातिनपुर, मो. सैफ पुत्र असलम (20 वर्ष), 18 वर्षीय जमनव पुत्री ताहिर निवासी अल्लीपुर हथगाम और 13 साल की कुमारी सुफिया निवासी जमरावां थाना हुसैन गंज की डूबने से मृत्यु हो गयी। इसके अलावा 24 वर्षीय अनस, 20 वर्षीय कुमारी समरीन एवं 22 वर्षीय फातिमा को गोताखोरों ने बचा लिया। जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने बताया कि सभी मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रूपये आपदा कोष से दिया गया है। और मृतकों के पोस्टमार्टम काराये जा रहे हैं।

Content Writer

Mamta Yadav