दिव्यांगों को योगी सरकार का तोहफा- रोडवेज बसों में UP के बाहर भी नि:शुल्क यात्रा की सुविधा

punjabkesari.in Tuesday, Jul 25, 2017 - 07:10 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में दिव्यांगजन अब प्रदेश की सीमा के बाहर भी नि:शुल्क बस यात्रा कर सकेंगे। पहले यह सुविधा प्रदेश की सीमा के अन्दर ही अनुमन्य थी। इस सम्बन्ध में मौजूदा नियमावली में आवश्यक संशोधन कर दिया गया है।

विभाग के प्रमुख सचिव महेश कुमार गुप्ता की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह सुविधा सामान्य श्रेणी की बसों में ही अनुमन्य होगी। सरकार की मंशानुसार दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए यह संशोधन किया गया है। इस सुविधा को दिव्यांगजन के आधार से भी लिंक किया जाएगा।

इस सम्बन्ध में प्रबन्ध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, समस्त जिलाधिकारी एवं मण्डल उपनिदेशक/जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।