बार-बार फोन पर भी नहीं आई एम्बुलेंस, महिला ने ई-रिक्शा में दिया बच्चे को जन्म

punjabkesari.in Friday, Dec 15, 2017 - 02:23 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉलीटेक्निक चौराहे पर गुरुवार को एक महिला ने ई-रिक्शे के अंदर ही बच्चे को जन्म दे दिया। प्रसूता के घर के लोग सरकारी एम्बुलेंस के लिए फोन पर फोन मिलाते रहे लेकिन उनको सुविधा नहीं मिली। दर्द से कराह रही प्रसूता के परिजनों ने उसको ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाने का प्रबंध किया। ई-रिक्शा में वे अभी कुछ ही दूर गए थे कि झटका लगने के कारण महिला ने रिक्शे में ही बच्चे को जन्म दे दिया।

जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली साबिया (27) को वीरवार दोपहर को लेबर पेन होने पर उसके परिजनों ने 108 एंबुलेंस के नंबर पर फोन किया। पति हकीमुद्दीन (33) का आरोप है कि फोन करने के एक घंटे बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। सादिया की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। घरवालों ने काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन एम्बुलेंस नहीं आई। इसके बाद परिजन उसे एक ई-रिक्शा लेकर  लोहिया अस्पताल के लिए निकले। वाहन पॉलीटेक्निक चौराहे से थोड़ी दूर ही बढ़ा था, तभी ई-रिक्शा वाले ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे रिक्शा जंप कर गया और साबिया ने उसके अंदर ही बच्चे को जन्म दे दिया।

उत्तर प्रदेश के डीजी हेल्थ डॉ. पद्माकर सिंह के मुताबिक प्रसूता को समय पर एम्बुलेंस क्यों नहीं मिली, इस बारे में 108 एम्बुलेंस सर्विस प्रोवाईडर कंपनी के अधिकारियों से जवाब-तलब किया जाएगा। यदि किसी भी प्रकार की कोई भी लापरवाही पाई गई तो संबंधि‍त कमर्चारी और अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मामला सामने आने के बाद नेशनल एंबुलेंस सेवा के प्रवक्ता अजय यादव का कहना है कि एक घंटे तक एंबुलेंस ना मिलना संभव नहीं है। फिलहाल एंबुलेंस समय पर क्यों नहीं पहुंच इसकी जांच की जाएगी।