कमबख्त इश्क: पति ने भेजा था 8 किलो का Love Letter, पत्नी के पास पहुंचा ताे हुई नाराज, फिर...

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2020 - 06:37 PM (IST)

मेरठ: पति-पत्नी का रिश्ता इस दुनिया का सबसे खास रिश्ता होता है। जिसमें प्यार, संयम, समझदारी के साथ जिंदगी भर साथ निभाने का वादा होता है। लेकिन जब दोनों का किसी बात पर अनबन हो जाए तो वह अपने विरह को एक अलग रूप देने से भी पीछे नहीं हटते। ऐसा ही एक मामला मेरठ से सामने आया है। जहां के रहने वाले जीवन सिंह बिष्ट ने पत्नी विरह में आज के 20 साल पहले एक भारी-भरकम प्रेम-पत्र लिखा था जो 8 किलोग्राम का था। इस पत्र को उस समय पोस्ट करने में 700 रुपये लगे थे।


मेरठ के एक दीवाने का किस्सा बहुत खास
जी हां,हम बात उस दौर की कर रहे हैं जब इश्क के इजहार के लिए डिजिटल इमोजी नहीं बल्कि खतों का सहारा हुआ करता था। जब न वॉट्सऐप था, न डिजिटल टेलिग्राम और न ही फेसबुक था। जिसे आज भी कई लोगों ने उस दौर की यादों को बहुत सलीके से सजो कर रखा है। उस दौर से जुड़े ढेरों किस्सों में मेरठ के एक दीवाने का किस्सा बहुत खास है।


पत्नी से अगाध प्रेम करते थे जीवन
बता दें कि मेरठ जनपद में शताब्दी नगर सेक्टर 1 के रहने वाले जीवन सिंह बिष्ट आयकर विभाग से नोटिस सर्वर की पोस्ट से रिटायर हैं। जीवन बताते हैं कि उनकी पत्नी कमला मूल रूप से अल्मोड़ा की निवासी थीं। शादी के बाद अकसर उनकी पत्नी मायके में ही रहती थीं। ऐसे में पत्नी से अगाध प्रेम करने वाले जीवन को अकसर उनकी याद सताती थी। एक बार जीवन की अल्मोड़ा में रह रही अपनी पत्नी कमला से कुछ अनबन हो गई। इसके बाद पत्नी को रिझाने के लिए जीवन ने एक अनूठा रास्ता अपनाया।


1999 में जीवन ने अपनी पत्नी को लिखा प्रेम-पत्र
वर्ष 1999 में जीवन ने अपनी पत्नी को प्रेम-पत्र लिखना शुरू किया। इसे लिखने में लगभग 2 महीने का समय लगा। इतना ही नहीं जब यह खत लिखकर तैयार हुआ तो इसका वजन 8 किलो था। इस पत्र को पार्सल करने में उस समय जीवन के 700 रुपए खर्च हुए थे।


पत्र में कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों की लिखी है गाथा
जीवन बताते हैं कि जब उन्होंने अपनी पत्नी को प्रेम-पत्र लिखना शुरू किया तो वह रोज अपनी दिनचर्या से लेकर अपने साथ घटित होने वाली हर छोटी बड़ी घटना पत्र में लिखते थे। मगर इसी बीच कारगिल की लड़ाई शुरू हो गई। जिसके बाद उन्होंने पत्नी के ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से इस पत्र में कारगिल के युद्ध में शहीद हुए सभी भारतीय 525 जवानों की गाथा लिखी। उन्होंने बताया कि जिसके बाद अचानक ओडिशा में समुद्री तूफान आने से हजारों लोगों की मौत हो गई। इस घटना को भी जीवन ने सिलसिलेवार अपने खत में दर्ज किया। पत्र को पोस्ट करने का मन बनाया तो कंधार विमान कांड हो गया। इसके बाद जीवन ने इस घटना को भी अपने पत्र में शामिल किया।


8 हजार पन्नों के खत के हर पेज में हैं 32 सौ शब्द
जीवन बताते हैं कि लगभग 8 हजार पन्नों के इस लव लेटर का हर पेज 16 इंच लंबा और 18 इंच चौड़ा है। हर पेज में लगभग 32 सौ शब्द लिखे हुए हैं।

पत्र में लिखे एक-एक शब्द से पत्नी हुई भावुक
जीवन के अनुसार, जब यह पत्र उनकी पत्नी के हाथों में पहुंचा तो 'वजनदार' पत्र को देखते ही उनकी पत्नी नाराज हो गईं। हालांकि, जब उन्होंने इस पत्र का एक-एक शब्द पढ़ा तो वह भावुक हो गईं और आंखो में अस्रु की धाराएं बहने लगी। वर्तमान समय में जीवन 1 पुत्र और 3 पुत्रियों के पिता हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है और जीवन का नाती पोतों से भरा-पूरा एक हंसता खेलता परिवार है। जीवन कहते हैं कि उनका लिखा हुआ यह लव लेटर विश्व के सबसे बड़े प्रेम पत्रों में शामिल है।

जीवन का नाम लिम्का बुक ऑफ रेकॉर्ड में भी दर्ज
इतना ही नहीं जीवन का अपने ही घर में 2 फुट लंबा और 2 किलो का बैंगन उगाने के बाद वर्ष 1995-96 में लिम्का बुक ऑफ रेकॉर्ड में भी दर्ज किया गया था। फिलहाल, जीवन सिंह बिष्ट समाज की मुख्यधारा से भटके युवाओं को सही मार्ग दिखाने के लिए नशा मुक्ति के खिलाफ अभियान छेड़े हुए हैं।

Umakant yadav