''पुत्र होने का कर्तव्य निभाएं, पेड़ लगाएं-पर्यावरण बचाएं...'' CM Yogi ने की जनता से अपील

punjabkesari.in Saturday, Jul 20, 2024 - 09:20 AM (IST)

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर उत्तर प्रदेश में आज यानी 20 जुलाई को‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान-2024' महापर्व के रूप में मनाया जाएगा। पीएम मोदी के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत आज यूपी 36.50 करोड़ पौधे रोपने का रिकॉर्ड बनाएगा। इसी बीच सीएम योगी ने जनता से अभियान में हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ''आइए, पुत्र होने का कर्तव्य निभाएं, पेड़ लगाएं- पर्यावरण बचाएं।''

 


'हमारी परंपरा पेड़-पौधों में साक्षात ईश्वर का दर्शन करती है'
सीएम योगी ने आज सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा ''भारतीय मनीषा ने हमें माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या: का संदेश दिया है। हमारी परंपरा पेड़-पौधों को केवल जीव सृष्टि का हिस्सा नहीं मानती, बल्कि उनमें साक्षात ईश्वर का दर्शन करती है। इसी सनातन भाव के साथ आज उत्तर प्रदेश 36.50 करोड़ वृक्षारोपण का संकल्प साकार करने जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के आह्वान से 'एक पेड़ माँ के नाम' से जुड़कर वृक्षारोपण महाभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। आइए, पुत्र होने का कर्तव्य निभाएं, पेड़ लगाएं- पर्यावरण बचाएं।''

वृक्षारोपण का आज नया रिकॉर्ड बनाएगी योगी सरकार
‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान-2024' के तहत वृक्षारोपण का शुभारंभ सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। योगी सरकार आज वृक्षारोपण का नया रिकॉर्ड बनाएगी। सुबह 9:30 बजे सौमित्र वन, कुकरैल नदी तट, अयोध्या रोड और लखनऊ अकबरनगर क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन होगा। यहां पर सीएम हरिशंकरी का पौधा लगाएंगे। वृक्षारोपण अभियान के तहत गोरखपुर में भी सीएम योगी वृक्षारोपण करेंगे। यहां पर शाम 4 बजे शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान वृक्षारोपण होगा। इस दौरान गोरखपुर सांसद रवि किशन भी मौजूद रहेंगे। वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सीतापुर में वृक्षारोपण करेंगी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक उन्नाव में वृक्षारोपण करेंगे। वहीं, 26 विभाग मिलकर पूरे प्रदेश भर में अभियान चलाएंगे और एक दिन में 36.50 करोड़ पौधारोपण कर इतिहास रचा जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static