बदमाशों के हौसले बुलंद, ट्रांसपोर्टर के परिजनों को बंधक बना कर की लूटपाट

punjabkesari.in Friday, Jul 06, 2018 - 02:32 PM (IST)

आगराः उत्तर प्रदेश में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह किसी भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डरते। इसकी कड़ी में ताजा मामला ताजनगरी आगरा का है। यहां कार में आए बदमाशों ने ट्रांसपोर्टर के परिजनों को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। जिसके बाद उन्होंने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। 

जानकारी के मुताबिक मामला थाना सदर के ग्वालियर हाईवे स्थित न्यू सुरक्षा विहार कॉलोनी का है। यहां के निवासी रुकम सिंह चौधरी ट्रांसपोर्टर हैं। ग्वालियर हाईवे पर उनकी कंपनी का कार्यालय है। कॉलोनी में रुकमवीर सिंह ने किराए पर एक अन्य मकान भी लिया है। गुरुवार रात को 9 बजे रुकमवीर सिंह अपने कार्यालय जबकि पत्नी दूसरे मकान पर थीं। बहन बाला देवी दोनों बेटियों निधि और मनीषा, पुत्र अमन को कोठी पर छोड़कर मंदिर गई थीं।

इसी दौरान कार सवार 2 बदमाशों ने धावा बोल दिया। घर में घुसने के बाद बदमाशों ने निधि और मनीषा से रुकमवीर सिंह के बारे में पूछा। निधि ने कार्यालय पर होने की बात कही। इसके बाद निधि से उनकी मां और चाची के बारे में जानकारी ली। निधि ने उनके भी घर पर नहीं होने की जानकारी दी। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे के बल पर उन्हें बंधक बना लिया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर निधि, मनीषा और अमन को कमरे में बंद कर दिया। 

बदमाशों ने तीनों के मोबाइल अपने कब्जे में कर लिए। इसके बाद बराबर कमरे में रखे सूटकेस में से सात-आठ लाख रुपए के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपए नकद लूटकर ले गए। मंदिर से लौटने के बाद बाला देवी ने बच्चों को कमरे में बंद देखकर बाहर निकाला। लूटपाट की जानकारी ट्रांसपोर्टर को दी। घटना की जानकारी मिलते ही आगरा पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वॉयड को मौके पर बुलाया लेकिन वह बदमाशों का सुराग नहीं दे सके। एसएसपी के मुताबिक बदमाशों का सुराग लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Ruby