G 20 Summit: ताज का दीदार करेंगे शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले मेहमान, इस दिन आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा स्मारक

punjabkesari.in Wednesday, Feb 08, 2023 - 11:24 PM (IST)

आगरा: जी-20 सम्मिट की मेजबानी इस बार भारत कर रहा है। इसी क्रम में  शिखर सम्मेलन के मेहमानों का दल 11 से 13 फरवरी तक आगरा का दौरा करेगा और इस दौरान वे मोहब्बत की निशानी ताजमहल और अन्य स्मारकों का दीदार करेंगे।

पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया
अधिकारियों ने बताया कि 11 फरवरी को आगरा किला और 12 फरवरी को ताजमहल आम लोगों के लिए पूरे दिन बंद रखा जाएगा। विदेशी मेहमानों के दौरे के मद्देनजर ताजमहल की दीवारों को साफ किया जा रहा है और मोबाइल नेटवर्क के लिए दोनों द्वार के पास अस्थायी टावर लगाए गए हैं। पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। एयरपोर्ट से ताजमहल तक के मार्ग को आकर्षक लाइटों और चित्रकारियों के साथ फूलों से सजाया जा रहा है।

11 फरवरी को आगरा किला और 12 को ताज आम लोगों के लिए रहेगा बंद 
जानकारी के मुताबिक, आगामी 11 फरवरी से 13 फरवरी तक 182 विदेशी मेहमानों का दल आगरा आने वाला है। इसको लेकर शहर में युद्ध स्तर की तैयारियां चल रही हैं। मंगलवार को पुरातत्व निदेशक बसंत कुमार स्वर्णकार ने ताजमहल के अंदर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। बुधवार को पुरातत्व अधीक्षक राजकुमार पटेल ने बताया की संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर विदेशी मेहमानों के लिए 11 फरवरी को आगरा किला और 12 फरवरी को ताजमहल आम लोगों के लिए पूरे दिन बंद रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की वेबसाइट पर टिकट की बिक्री भी इन दोनों दिनों के लिए बंद कर दी गयी है।

Content Writer

Mamta Yadav