Ganesh Chaturthi 2022: झांसी में धूमधाम से घर-घर विराजे गणेश जी, देखिए मनमोहक तस्वीरें...
punjabkesari.in Thursday, Sep 01, 2022 - 03:30 PM (IST)

झांसी: देश भर में गणेश चतुर्थी का पावन पर्व शुरु होने के बाद पूरे देश में इसे धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोग अपने घर में धूमधाम से गणेश जी को लेकर आ रहे है। यहां पूरे देश में यह नजारा देखने को मिला, वहीं यूपी के झांसी में भी लोग अपने घरों में गणपति बप्पा का स्वागत कर रहे है। लोग पूरी श्रद्धा भावना के साथ बप्पा को घर लेकर आए है।
बता दें कि बाल गंगाधर तिलक द्वारा शुरू की गई सार्वजनिक गणेश उत्सव की परंपरा आज भी उसी तरह जारी है। झांसी में भी बप्पा घर-घर विराज चुके हैं। लंबे समय से मराठा शासकों के यहां राज करने की वजह से झांसी में बड़ी संख्या में मराठी समाज के लोग रहते हैं। शहर में कई जगहों पर गणपति बप्पा को स्थापित किया जाता है। पिछले कई सालों से यह परंपरा यहां चली आ रही है। हालांकि कोरोना काल में 2 साल तक सार्वजनिक गणेश उत्सव के आयोजन पर रोक लगी थी। इस बार यह रोक हटा दी गई है और शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ बप्पा को जगह जगह स्थापित किया है।
वहीं, झांसी के बड़े बाजार में रामलीला मंच पर पिछले 30 सालों से गणपति बप्पा को स्थापित किया जाता है। रामलीला मंचन के शुरू होने से पहले यहां गणपति को स्थापित कर उनकी पूजा की जाती है। झांसी के बड़ागांव गेट इलाके में पिछले 20 सालों से गणपति पंडाल लगाया जाता है। स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए इस पंडाल को देखने के लिए दूर-दूर से लोग देखने आते हैं।
दरअसल, जिले के ऐतिहासिक गणेश मडिया के गणपति को भी 2 साल के अंतराल के बाद स्थापित किया जा रहा है। यहां भगवान गणेश की जिस मूर्ति की स्थापना की जाती है उसे विशेष तौर पर नासिक से लाया जाता है। शहर की पुरानी तहसील के पास भी गणपति बप्पा को स्थापित किया जाता है।
यहां भगवान गणेश को पारंपरिक मराठी वेशभूषा में सजाया जाता है। झांसी के गणेश मडिया मंदिर को भी सार्वजनिक गणेश उत्सव के अवसर पर विशेष रूप से सजाया जाता है। राव शासकों के समय का बना है मंदिर झांसी में आस्था का बड़ा केंद्र है।