UP में उफान पर गंगा नदी: फर्रुखाबाद के 190 गांव हुए बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित, 50 गांवों से टूटा संपर्क

punjabkesari.in Tuesday, Oct 26, 2021 - 12:33 PM (IST)

फर्रुखाबाद: उत्तराखंड में हुई भारी बारिश की वजह से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। उत्तराखंड के साथ-साथ यूपी के कई जिले भी गंगा में आई बाढ़ के कारण बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। ऐसा ही कुछ हाल यूपी के फर्रुखाबाद का है। जहां गंगा और रामगंगा नदी में आई बाढ़ से करीब 190 गांव जलमग्न हो गए हैं। इतना ही नहीं करीब 50 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है, जबकि जिले से गुजरने वाली बूढ़ी गंगा भी उफान पर है। इस वजह से जिले के किसानों की हजारों बीघा की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। इस बाढ़ से सरसों, आलू और धान की फसलों की काफी बर्बादी हुई है। इसके अलावा नदी से सटे इलाके में रहने वाले लोग भी दहशत में जीने को मजबूर है।
PunjabKesari
ग्रामीणों की मानें तो जिला प्रशासन समेत कोई भी जनप्रतिनिधि भी आंख उठा कर नहीं देख रहा है। ग्रामीणों के खाने पीने का संकट है और सबसे ज्यादा ग्रामीणों के जानवरों को है, जिनको न तो चारा मिल पा रहा है न ही भूसा। वही ग्रामीणों ने आरोप लगाया जिला प्रशासन का कोई अधिकारी ग्रामीणों को देखने तक नहीं आया।
PunjabKesari
आपको बता दें कि नरौरा बांध से गंगा में 75 हजार 913 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। अभी तक आई बाढ़ से गंगा का जलस्तर 137.05 पर है। जबकि रामगंगा का जलस्तर खतरे के निशान 137.75 मीटर पर पहुंच गया है। इसके अलावा फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर जाने वाले मार्ग और फर्रुखाबाद से बदायूं जाने वाले मार्ग पर चार फीट तक बाढ़ का पानी आ गया है। साथ ही बदायूं-बरेली हाइवे पर आए बाढ़ के पानी के कारण गाड़ियों की भी लंबी कतार लगी हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static