गंगा विलास का उद्घाटन पूर्वी भारत के लिए पर्यटन के नए मार्ग खोलेगा : प्रधानमंत्री मोदी

punjabkesari.in Friday, Jan 13, 2023 - 02:47 PM (IST)

वाराणसी : भारत को सबसे लंबे रिवर क्रूज की सौगात मिल गई है। रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रवाना कर दिया है। यह 52 दिन में करीब 3200 किमी की दूरी तय कर डिब्रूगढ़ पहुंचेगा। गंगा विलास क्रूज यूरोपीय देशों के लोगों को खूब पसंद आ रहा है। जिसका परिणाम है कि आगामी 5 सालों के लिए लगभग 60 फ़ीसदी यूरोपीय व अन्य विदेशी नागरिकों ने इसकी बुकिंग करा ली है।



गंगा विलास नए भारत का अवलोकन कराएगा

भारत को सबसे लंबे रिवर क्रूज की सौगात देते समय प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की गौरवशाली विरासत और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना संजोए ‘गंगा विलास’ पर्यटकों को हमारी समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ ‘नए भारत’ का भी अवलोकन कराएगा। आज काशी से डिब्रूगढ़ के बीच दुनिया की सबसे बड़ी नदी जल यात्रा 'गंगा विलास' क्रूज का शुभारंभ हुआ है। इससे पूर्वी भारत के अनेक पर्यटक स्थल वर्ल्ड टूरिज्म मैप में और प्रमुखता से आने वाले हैं। नदी जलमार्गों को मनाने के महान पर्व के साक्षी बनना हम सभी के लिए प्रसन्नता की बात है।

मजबूत कनेक्टिविटी के लिए मिशन मोड में काम कर रहे
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मजबूत कनेक्टिविटी विकसित भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हम इस पर मिशन मोड में काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं सभी पर्यटकों के लिए सुखद यात्रा की कामना करता हूं और आशा करता हूं कि हमारी नदियां और जल शक्ति व्यापार और पर्यटन को बहुत जरूरी बढ़ावा देंगी। 2014 में सिर्फ 5 राष्ट्रीय जलमार्ग भारत में थे, आज 24 राज्यों में 111 राष्ट्रीय जलमार्गों को विकसित करने का काम हो रहा है। इनमें से लगभग दो दर्जन जलमार्गों पर सेवाएं चल रही हैं। भारत अपने आधुनिक अवतार में एक अत्यधिक विकसित परिवहन प्रणाली के लिए अपनी विरासत की ताकत को प्रज्वलित कर रहा है।

क्रूज टूरिज्म से रोजगार बढ़ेगा
PM मोदी ने क्रूज टूरिज्म को रोजगार से जोड़ते हुए कहा कि 21वीं सदी का ये दशक, भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के कायाकल्प का दशक है। इस दशक में भारत के लोग आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की वो तस्वीर देखने जा रहे हैं, जिसकी कल्पना तक मुश्किल थी। क्रूज़ टूरिज्म का ये नया दौर इस क्षेत्र में हमारे युवा साथियों को रोजगार-स्वरोजगार के नए अवसर देगा। विदेशी पर्यटकों के लिए तो ये आकर्षण होगा ही, देश के भी जो पर्यटक पहले ऐसे अनुभवों के लिए विदेश जाते थे। वह भी अब पूर्वी-उत्तर पूर्वी भारत का रुख कर पाएंगे।

आध्यात्मिकता को संजोने में मदद करेगा
गंगा जी हमारे लिए सिर्फ एक जलधारा भर नहीं हैं बल्कि प्राचीन काल से इस महान भारत भूमि की तप-तपस्या की साक्षी हैं। भारत की स्थितियां-परिस्थितियां कैसी भी रही हो, मां गंगे ने हमेशा कोटि-कोटि भारतीयों को पोषित किया है। यह क्रूज हर किसी को आध्यात्मिकता को संजोने, पर्यटन का आनंद लेने और भारत में नदियों की व्यवस्था को समझने से लेकर हर चीज का सही अनुभव कराने में मदद करेगा। ये क्रूज 25 अलग-अलग नदियों से होकर गुजरेगा और जो लोग भारत के समृद्ध खान-पान का अनुभव लेना चाहते हैं उनके लिए भी ये बेहतरीन अवसर है। यानी भारत की विरासत और आधुनिकता का अद्भुत संगम हमें इस यात्रा में देखने को मिलेगा। यह पर्यटकों को भारत के बहुमूल्य और प्रसिद्ध व्यंजनों का अनुभव भी करने देगा।

देश भर के लोगों को दी त्यौहारों की शुभकामनाएं
रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रवाना करने के बाद देश के लोगों को त्योहारों की बधाई देते हुए कहा कि आज लोहड़ी का उमंग भरा त्योहार है। आने वाले दिनों में हम उत्तरायण, मकर संक्रांति, भोगी, बिहू, पोंगल जैसे अनेक पर्व मनाएंगे। मैं देश-दुनिया में इन त्योहारों को मना रहे लोगों को बधाई देता हूं।

Content Editor

Prashant Tiwari