प्रयागराज में गंगा-यमुना के जल स्तर में हुई वृद्धि

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2020 - 04:02 PM (IST)

प्रयागराजः तीर्थराज प्रयाग में पतिति पावनी गंगा और श्यामल यमुना के जलस्तर में पिछले पांच दिनों में 22 से 26 सेमी तक की वृद्धि दर्ज की गयी है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष सूत्रों के अनुसार गंगा और यमुना के जलस्तर में पिछले गुरूवार को 12 बजे क्रमश: 77.77 और 73.78 सेंटीमीटर दर्ज किया गया था जबकि सोमवार को गंगा फाफामऊ में 77.84, छतनाग में 73.49 और नैनी में यमुना का जल स्तर 74.04 मीटर दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि रविवार की तुलना में सोमवार को फाफामऊ में गंगा के जल स्तर में छह सेंटीमीटर की वृद्धि रिकॉर्ड किया गया। छतनाग में गंगा का जल स्तर 15 सेंटीमीटर और नैनी में यमुना का जल स्तर 19 सेंटीमीटर दर्ज किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि रविवार को फाफामऊ में गंगा 77.78, छतनाग में 73.34 और यमुना का जल स्तर 73.85 सेंटीमीटर दर्ज किया गया था। आंकड़ों के अनुसार गुरूवार से दोनो नदियों के जल स्तर में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। खतरे का निशान 84.734 मीटर है। हालांकि अभी खतरे की कोई बात नहीं है। प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग चौकसी बरत रहे है। 
 

Tamanna Bhardwaj