गैंगरेप आरोपी गायत्री प्रजापति लखनऊ से गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 15, 2017 - 11:34 AM (IST)

लखनऊ:सामूहिक बलात्कार के आरोपी सपा नेता गायत्री प्रजापति को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कार्यालय को इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रजापति को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कल ही प्रजापति के बेटे अनुराग और भतीजे सुरेन्द्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। दोनों पर आरोपियों को शरण देने का आरोप लगाया गया है।  मामले के 3 सह अभियुक्तों को भी कल लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुलिस महानिरीक्षक ए सतीश गणेश ने बताया था कि सामूहिक बलात्कार के मामले में प्रजापति के साथ अभियुक्त बनाए गए अमरेन्द्र उर्फ पिंटू, रूपेश्वर तथा विकास वर्मा को लखनऊ के हजरतगंज इलाके में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अशोक तिवारी, आशीष शुक्ला, प्रजापति के गनर चंद्रपाल तथा कल पकड़े गए 3 अन्य समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। प्रजापति को आज पकड़ा गया। मालूम हो कि प्रजापति तथा उनके 6 अन्य साथियों पर एक महिला से सामूहिक बलात्कार और उसकी बेटी से छेड़खानी के आरोप में उच्चतम न्यायालय के गत 17 फरवरी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

प्रजापति ने इस बार भी अमेठी विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। प्रजापति के विदेश भागने की आशंका के मद्देनजर उनके पासपोर्ट को चार हफ्तों के लिए निलंबित कर दिया गया था और उनके खिलाफ ‘लुक आउट’ नोटिस जारी किया गया था। विधानसभा चुनाव के दौरान यह मामला उठने पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इशारों में प्रजापति को आत्मसमर्पण करने को कहा था। राज्यपाल राम नाईक ने बलात्कार जैसे गम्भीर आरोप में वांछित होने के बावजूद प्रजापति को मंत्रिमण्डल से बर्खास्त ना किए जाने पर आपत्ति दर्ज करते हुए इस सिलसिले में मुख्यमंत्री को चिट्ठी भी लिखी थी।

पुलिस ने प्रजापति से सुबह आलमबाग कोतवाली में पूछताछ की, जहां बड़ी संख्या में उनके समर्थक एकत्र हुए। पुलिस प्रजापति को जब मेडिकल के लिए ले जाने लगी तो उनके समर्थकों ने उन्हें पुलिस वाहन में नहीं जाने दिया बल्कि वे उन्हें लक्जरी कार में बैठाकर ले गए। इस बारे में जब सवाल किया गया तो अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने कहा कि वह इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से बात करेंगे और उसके बाद ही कुछ कह पाएंगे। प्रजापति के लखनऊ में ही मौजूद होने और उनकी गिरफ्तारी में देरी होने के बारे में पूछे गए एक सवाल पर चौधरी ने बताया कि सभी आरोपी अलग अलग जगह थे। पहले एक आरोपी पकड़ा गया। फिर दो और पकड़े गए। कल 3 अन्य आरोपी पकड़े गए और आज सातवां आरोपी गिरफ्तार हुआ।