गौरव चंदेल मर्डर केस: आरोपी आशु जाट की निशानदेही पर मृतक का फोन व घड़ी बरामद

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2020 - 03:35 PM (IST)

नोएडा: थाना फेस-3 पुलिस ने बहुचर्चित गौरव चंदेल हत्याकांड के आरोपी आशु जाट की निशानदेही पर बृहस्पतिवार को मृतक की घड़ी तथा मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि हत्याकांड के बाद आरोपी आशु मुंबई भाग गया था और वहां फल का ठेला लगाने लगा था। बाद में मुंबई पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। दीक्षित ने बताया कि वर्तमान में नैनी जेल में बंद आशु को पुलिस रिमांड पर नोएडा लेकर आई थी।

गौरतलब है कि गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में मैनेजर के रूप में कार्यरत गौरव चंदेल गत छह जनवरी की रात को ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर जा रहे थे तभी परथला चौक के पास अज्ञात बदमाशों ने उनकी कथित रूप से हत्या कर उनकी कार लूट ली थी। दीक्षित के अनुसार इस मामले में आशु जाट का हाथ होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि थाना फेस-तीन पुलिस ने गौरव चंदेल हत्याकांड के मामले में आशु को 12 घंटे की रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जिसमें कई अहम जानकारी सामने आई।

दीक्षित ने बताया कि जाट की निशानदेही पर चंदेल से लूटे गये मोबाइल फोन व घड़ी बरामद कर लिये गये हैं और आरोपी को शुक्रवार को नैनी जेल के लिए रवाना कर दिया गया।

Umakant yadav