गैंगरेप आरोपी गायत्री प्रजापति को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका

punjabkesari.in Monday, Mar 06, 2017 - 12:11 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और अमेठी सीट से सपा प्रत्याशी गायत्री प्रजापति को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। गिरफ्तारी पर रोक की मांग वाली अर्जी पर सोमवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि वो अपना पक्ष ट्रायल कोर्ट में जाकर रखे। वहीं इस मामले में 22 मार्च को अगली सुनवाई होगी। वैसे गायत्री खुद तो फरार हैं, लेकिन उनके वकील सामने आए हैं और गायत्री के खिलाफ लगे आरोपों को साजिश बता रहे हैं।
वहीं पीड़ित के वकील गायत्री के खिलाफ पुलिस की जांच पर ही सवाल उठा रहे हैं। गायत्री प्रजापति कहां हैं यह अभी किसी को नहीं पता। संभव है कि गिरफ्तारी पर रोक वाली याचिका पर फैसले का इंतजार कर रहे हों। 

गायत्री प्रजापति पर है गैंगरेप का आरोप
महिला का आरोप है कि वह प्रजापति से लगभग 3 साल पहले मिली थी। उस समय मंत्री ने उसकी चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया और उसकी तस्वीरें भी ले ली। महिला ने आरोप लगाते हुए कहा था कि इसके बाद प्रजापति ने उसको कई बार तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करते हुए रेप किया।

कौन हैं गायत्री प्रजापति?
गायत्री प्रजापति पर भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं। उन्हें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त भी किया था। लेकिन बाद में दोबारा शामिल कर लिया। इस वक्त वो समाजवादी पार्टी के टिकट पर अमेठी से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।