शपथ के बाद मुलायम के पैरों पर गिरे गायत्री प्रजापति, राज्यपाल ने कह दी बड़ी बात...

punjabkesari.in Tuesday, Sep 27, 2016 - 12:50 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही सियासी उठापटक के बीच अखिलेश मंत्रिमंडल का आठवां विस्तार हो गया। लेकिन इस दौरान वहां जो नजारा देखने को मिला वह काफी अजीबो-गरीब था। अवैध खनन के आरोपी रहे गायत्री प्रजापति की एक बार फिर से कैबिनेट में वापसी हो रही थी। सोमवार को गायत्री प्रजापति कैबिनेट मंत्री की शपथ लेने के बाद सीधे मुलायम के पैरों पर दंडवत हो गए। इतना ही नहीं, गायत्री प्रजापति ने सीएम अखिलेश यादव के पैर भी छुए। 

हालांकि राज्यपाल राम नाईक को यह बात नागवार गुजर गई। उन्होंने तुरंत टोकते हुए अनुशासन बनाए रखने की बात कही। उधर, लगे हाथ मुलायम सिंह यादव ने भी गायत्री प्रजापति की तारीफ कर दी है। मुलायम ने कहा कि गायत्री प्रजापति काबिल नेता हैं। उन्होंने कहा कि गायत्री को मैंने मंत्री नहीं बनाया, मैंने तो बस सिफारिश की।

सोमवार को अखिलेश यादव की कैबिनेट का आठवां विस्तार देखने को मिला। गायत्री प्रजापति समेत 10 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। प्रजापति के अलावा शंखलाल मांझी, मनोज पांडेय, शिवकांत ओझा, रियाज अहमद, यासिर शाह, अभिषेक मिश्रा, जियादुद्दीन रिजवी, नरेंद्र वर्मा और रविदास ने को अखिलेश कैबिनेट में जगह मिली।