रेप की घटनाओं से जनता का ध्यान बंटाने के लिए पैदा की जा रही है नोटबंदी जैसी स्थिति: सपा

punjabkesari.in Thursday, Apr 19, 2018 - 01:17 PM (IST)

देवरियाः  देशभर में बैंकों के एटीएम में कैश नहीं होने की ख़बरों ने एक बार फिर नोटबंदी के दौर की याद दिला दी है। सोशल मीडिया पर लोग 'कैश नहीं है' की तख्ती लगे एटीएम की तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। जिसके चलते सपा ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार ने कठुआ, सूरत और उन्नाव  में हुई बलात्कार की घटनाओं पर से लोगों का ध्यान बंटाने 
के लिए नोटबंदी जैसी स्थिति पैदा कर दी है। 

सपा महासचिव रमाशंकर राजभर ने कहा कि कठुआ, सूरत और उन्नाव में बलात्कार की हुई घटनाओं से देश की जनता का ध्यान हटाने के लिए नोटमंदी जैसी स्थिति पैदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि कठुआ, सूरत और उन्नाव की बलात्कार की घटनाओं ने देश को शर्मसार किया है। ये घटनायें विदेशी मीडिया की सुर्खियां बन रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार दिन की विदेश पर यात्रा पर घूम रहे हैं। इतनी बड़ी घटनाओं पर देश के प्रधानमंत्री की चुप्पी जनता की समझ से परे है। देश में नोटमंदी का का ताना बाना बुन कर जनता को परेशान किया जा रहा है।  

सपा महासचिव ने कहा कि भाजपा बलात्कार की इन घटनाओं से देश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह सबकुछ कर रही है। यह भाजपा का नया खेल है। इस समय शादी ब्याह का समय है। नोटमंदी जैसी स्थिति के कारण पूरे देश की जनता तबाह है। एटीएम खाली चल रहे हैं और प्रधानमंत्री विदेश में घूम रहे हैं। जनता अब भाजपा की सरकार को समझ गई है और इसका जवाब वह 2019 के लोकसभा चुनाव में देगी।  

Ruby