गाजियाबाद: बदमाशों ने पुलिस की वर्दी में मुंबई के व्यापारियों से लूटा 10 किलो सोना

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 12:47 PM (IST)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला स्थित साहिबाबाद थाना इलाके में कार में सवार मुंबई के व्यापारियों से अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के बल पर करीब 10 किलो सोना लूट लिया। घटना रविवार देर रात को तब हुई जब व्यापारी मेरठ से दिल्ली की तरफ लौट रहे थे। इस घटना में शामिल 2 बदमाश पुलिस की वर्दी पहने बताए गए है।

नगर पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि मुंबई के सर्राफा व्यापारी रोहित जैन रविवार रात अपने साथी कृष्णा के साथ 10 किलो सोना लेकर दिल्ली में रहने वाले दोस्त दीपक के पास आए थे। वहां से तीनों दोस्तकल चालक रामाशीश के साथ सोने के सैंपल दिखाने मेरठ गए। जब तीनों मेरठ से वापस लौट रहे थे। उसी दौरान जीटी रोड पर से रेलवे रोड के किनारे पहुंचे तो एक कार ने उनकी कार को ओवरटेक कर रुकवा लिया। कार में सवार लोगो ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। बदमाश व्यापारियों को गन प्वाइट पर लेने के बाद उनसे सोना लूट कर फरार हो गए।

10 किलो सोना लूट लिए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस में हडकंप मच गया। आनन फानन में कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन करने में जुट गए। पुलिस ने बताया कि 11 बजे हुई की घटना की जानकारी रात 1 बजे दी गई। जिस कारण मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने सर्राफा व्यापारी रोहित जैन की तहरीर के आधार पर लूट की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी है।

Punjab Kesari