BJP विधायक को पाकिस्तान से मिली बम से उड़ाने की धमकी: पेशावर से आया कॉल, PM मोदी और गृह मंत्री पर भी की अभद्र टिप्पणी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 09:30 AM (IST)

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की लोनी विधानसभा से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्हें सात समंदर पार पाकिस्तान के पेशावर से जान से मारने की धमकी मिली है। एक अज्ञात कॉलर ने व्हाट्सएप के जरिए विधायक को किसी जनसभा के दौरान बम से उड़ाने की चेतावनी दी है।

क्या है धमकी के पीछे की वजह?
धमकी देने वाले शख्स ने अपना नाम अरमान अली बताया है। उसने कॉल के दौरान हाल ही में हुए यूट्यूबर सलीम वास्तिक हमले और उसके बाद हुई पुलिसिया कार्रवाई का जिक्र किया। कॉलर ने कहा कि सलीम वास्तिक पर हमला करने वाले आरोपी शहीद हैं। उसने आरोप लगाया कि विधायक नंदकिशोर गुर्जर की पैरवी के कारण ही पुलिस ने उन दोनों भाइयों का एनकाउंटर किया। धमकी देने वाले ने दिल्ली में एक हिंदू युवक की हत्या के बाद दूसरे पक्ष पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी भारी गुस्सा जाहिर किया।

PM मोदी और गृह मंत्री को लेकर आपत्तिजनक बातें
सिर्फ विधायक ही नहीं, बल्कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भी बेहद आपत्तिजनक और मर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया। उसने चेतावनी दी कि जो लोग इस पूरे घटनाक्रम के जिम्मेदार हैं, उन्हें मौत की सजा दी जाएगी।

सलीम वास्तिक मामला और पुलिस मुठभेड़
आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले लोनी इलाके में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला हुआ था। गाजियाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान हमले के दो मुख्य आरोपियों (दो सगे भाई) को मार गिराया था। इसी एनकाउंटर को लेकर अब विधायक को निशाना बनाने की बात कही जा रही है।

विधायक की प्रतिक्रिया और पुलिस का कदम
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया है। विधायक का कहना है कि पेशावर (पाकिस्तान) से व्हाट्सएप कॉल आया था, जिसमें अरमान अली नाम शो हो रहा है। यह सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था को चुनौती है। मैंने पुलिस अधिकारियों को सूचित कर दिया है। फिलहाल, गाजियाबाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस इंटरनेशनल कॉल की सत्यता और लोकेशन की जांच में जुट गई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static