गाजियाबाद पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, चुनाव में खून खराबे के लिए असलहा बना रहे थे आरोपी

punjabkesari.in Saturday, Nov 26, 2022 - 03:57 PM (IST)

गाजियाबाद (संजय मित्तल) : जिले की भोजपुर थाना पुलिस ने रविवार को क्षेत्र से अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। ये हथियार कांशीराम योजना के बंद पड़े फ्लैटों में बनाए जा रहे थे। पुलिस ने हथियार बना रहे सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर  भारी मात्रा में बने और अधबने हथियार व औजार बरामद किए हैं।

चुनाव आते ही अवैध हथियारों की बढ़ती है डिमांड  
अवैध हथियार बनाने के मामले में जब पुलिस ने आरोपियों से शुक्रवार की रात गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि चुनाव आते ही अवैध हथियारों की डिमांड बढ़ जाती है। नगर निगम चुनाव के मद्देनजर उन्होंने अभी से हथियार बनाकर उनका स्टॉक रखना शुरू कर दिया था, ताकि चुनाव में डिमांड के अनुसार सप्लाई कर सकें। आरोपियों ने एनसीआर में अभी तक करीब 300 तमंचे बेचने की बात कबूली है। वे एक तमंचा पांच हजार रुपए और एक पिस्टल 35 हजार रुपए में बेचते थे।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
गाजियाबाद के SP देहात ईरज राजा ने मीडिया को बताया कि भोजपुर थाना क्षेत्र के कस्बा फरीदनगर में कांशीराम आवासीय योजना के तहत फ्लैट बने हुए हैं। इसमें कई फ्लैट काफी समय से बंद पड़े हुए हैं। पुलिस की नजरें भी इन फ्लैटों पर नहीं पड़तीं। इसी का फायदा उठाकर आरोपी बंद फ्लैटों में हथियार बनाने का काम कर रहे थे। भोजपुर थाने के इंस्पेक्टर बृजकिशोर गौतम को मुखबिर से इस गैंग के बारे में सूचना मिली और शुक्रवार रात छापामार कार्रवाई करके पूरा गैंग को सबूत के साथ पकड़ा गया है। इन आरोपियों ने किस-किसको तमंचे सप्लाई किए हैं। पुलिस इस बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

भारी मात्रा में हथियार बरामद
SP देहात ईरज राजा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी समीर व रिहान निवासी ब्रह्मपुरी मेरठ, सूरज वर्मा निवासी मोदीनगर गाजियाबाद और आर्यन त्यागी निवासी भोजपुर गाजियाबाद के रहने वाले हैं। इनसे 315 बोर के 8 तमंचे, 13 अधबने तमंचे, 32 बोर की दो पिस्टल सहित हथियार बनाने में प्रयुक्त औजार मिले हैं।

Content Editor

Prashant Tiwari