हमारी मजबूती ही अब हमारी सबसे कमजोर नस बन गई है: आजाद

punjabkesari.in Monday, Jan 09, 2017 - 09:49 AM (IST)

मेरठ: कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी और पूर्व केन्द्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस जात-पात और धर्म की राजनीति नहीं करती है और उसने इस आधार पर कभी न्याय को नहीं बांटा। यही पार्टी की मजबूती थी, लेकिन अब यही हमारी कमजोर नस बन गई है। मेरठ के जिमखाना मैदान में आयोजित जनाक्रोश रैली में आजाद भाजपा और बसपा दोनों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो लोग धर्म और जाति के नाम पर देश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, उनकी देश के स्वतंत्रता संग्राम में कोई भूमिका नहीं रही।

हम देश की एकता की कद्र करना जानते हैं
जनता से कांग्रेस को मजबूत बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कुर्बानी विरासत में मिली है। पार्टी का इतिहास है कि उसके नेताओं ने आजादी की लड़ाई में और आजादी के बाद भी देश के लिए कुर्बानी दी है। हम देश की एकता की कद्र जानते हैं। एेसी पार्टी को मजबूत बनाना आपका, जनता का काम है। लोगों से जाति और धर्म के नाम पर नहीं बंटने का अनुरोध करते हुए आजाद ने कहा कि अंग्रेज हमारे दो टुकड़े, भारत-पाकिस्तान.. करके चले गए और हम अभी तक लड़ रहे हैं। फिर कुछ दलों ने देश को हिन्दू-मुसलमान के नाम पर बांटा, तो कुछ ने हिन्दुओं और मुसलमानों को भी जाति के नाम पर बांट दिया।

बीजेपी पर बोला हमला
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसी भुलावे में ना रहें। इस जाति-धर्म की राजनीति से न किसानों का कर्ज माफ होगा और ना ही विकास होगा।राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 30 साल से कांग्रेस का शासन नहीं है, लेकिन यहां की सभी बिजली परियोजनाएं पार्टी की देन हैं। प्रदेश में लगे उर्वरक, कपड़ा, ट्रैक्टर आदि के सभी कारखाने कांग्रेस की देन हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि इसके बावजूद कहते हैं कि हमने देश के लिए कुछ नहीं किया।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें