सौगात: अब हेलिकॉप्टर से भी श्रद्धालु कर सकेंगे अयोध्या का दर्शन, पहली बार शुरू हुई चॉपर सुविधा

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2023 - 11:44 PM (IST)

अयोध्या: रामनवमी पर अयोध्या को एक बड़ी सौगात मिली है। यहां आने वाले श्रद्धालु चाहें तो हेलीकॉप्टर से अयोध्या का दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति को तीन हजार रुपए देने होंगे। सेवन सीटर हेलीकॉप्टर श्रद्धालुओं को 7 मिनट तक अयोध्या का आसमान से दर्शन कराएगा। एसके साथ ही दो साल से अधिक उम्र के बच्चों का भी टिकट लगेगा।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के साथ पर्यटकों को बढ़ावा देने का प्रयास करे रहे हैं। इसी क्रम में अब अयोध्या में यूपी राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड एवं हेरिटेज एविएशन द्वारा हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई है। इस योजना के इंचार्ज रवि कुमार बताते हैं कि बुधवार को सुबह 9 बजे यह उड़ान भरेगा। रामनवमी को देखते हुए इस सेवा को 15 दिन के लिए लागू किया गया है।

इस पूरी सेवा को 2024 में रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने के पहले का रिहर्सल भी माना जा रहा है। हेरिटेज एविएशन संस्था वैष्णो देवी, प्रयाग कुंभ और देश के कई स्थानों पर अपनी सेवाएं दे चुकी है और अयोध्या में यह सेवा पहली बार शुरू की है। फिलहाल अभी यह सेवा 15 दिनों के लिए चलाई गई है, अगर यात्रियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप रहती है तो ना सिर्फ हेलीकॉप्टर की संख्या बढ़ाई जाएगी। बल्कि यह सेवा नियमित रूप से जारी रहेगी। सुबह 9:00 बजे से शाम को सूर्य ढलने के पहले 6:00 बजे तक यह सेवा यात्रियों को मिलेगी।

जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि सरयू अतिथि गृह के निकट स्थित हेलीपैड स्थल निर्धारित किया गया है। श्रद्धालु/पर्यटक हवाई दर्शन के लिए सरयू अतिथि गृह काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। हवाई दर्शन से संबंधित जानकारी निम्न नंबर-9412526465 व 7011410216 पर भी प्राप्त कर सकते हैं।
 

Content Writer

Mamta Yadav